महेश्वर। रक्षाबंधन के अवसर पर बड़दक्खन हनुमान मंदिर परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्र की बहनों ने महेश्वर विधायक राजकुमार मेव और उनके पुत्र यशराज मेव व युवराज मेव को रक्षासूत्र बांधकर उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान बहनों ने तिलक लगाकर आरती की और स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में विधायक राजकुमार मेव ने बहनों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बहनों से मिलने वाला स्नेह और विश्वास उन्हें क्षेत्र की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है।
विधायक ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने मां नर्मदा से क्षेत्र की सभी बहनों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और महिला मोर्चा की पदाधिकारी मौजूद रहीं। इनमें भाजपा जिला अध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष शीला पटेल, जिला महामंत्री हरेसिंह चावड़ा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष नारायण पाटीदार, वरिष्ठ नेता सतीशचंद्र मोयदे, जिला मंत्री सिंधु जोशी, पूर्व महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सरिता पाटीदार, विनीता जायसवाल, एल्डरमैन एवं मंडलेश्वर मंडल उपाध्यक्ष मंजुला मेवाड़े, महेश्वर मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष मोहिन बाथम और जया वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन कवि बिहारीलाल पाटीदार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महेश्वर मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल ने किया। रक्षाबंधन के इस आयोजन में भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक सहभागिता का भाव देखने को मिला।
