Spread the love

बाबा जीवन सिंह के जयघोष के बीच धार्मिक यात्रा पर निकली संगत

जमशेदपुर। सचखंड श्री हजूर साहिब की धार्मिक यात्रा के लिए करीब 400 श्रद्धालुओं का जत्था टाटानगर रेलवे स्टेशन से रवाना हुआ। रंगरेटा महासभा टाटानगर के प्रधान मंजीत सिंह गिल के नेतृत्व में निकले जत्थे की विदाई से पहले स्टेशन परिसर में अरदास की गई। श्रद्धालुओं ने बाबा जीवन सिंह जी की तख्तियां लेकर धार्मिक जयकारे लगाए, जिससे पूरा स्टेशन भक्तिमय माहौल में बदल गया।

जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं ने ‘बाबा जीवन सिंह महान हैं, सिख पंथ की शान हैं’ और ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयघोष किए। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने भी श्रद्धालुओं की आस्था और अनुशासन का सम्मान किया। कई यात्रियों ने सिर ढककर जत्थे के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान धार्मिक सद्भाव और भाईचारे की झलक भी देखने को मिली।

मीरा मुंडा और मेनका सरदार ने दी शुभकामनाएं

जत्थे की रवानगी के अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी मीरा मुंडा और पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार भी स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर धार्मिक यात्रा के सफल और सुखद होने की कामना की।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी रहे मौजूद

श्रद्धालुओं को विदाई देने और यात्रा की सफलता के लिए अरदास में शामिल होने शहर के विभिन्न गुरुद्वारों के प्रधान तथा सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) के पदाधिकारी भी टाटानगर स्टेशन पहुंचे।

CGPC प्रधान भगवान सिंह ने अपने संबोधन में बाबा जीवन सिंह जी के जीवन, संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने संगत से अपील की कि 5 सितंबर को बाबा जीवन सिंह जी के जन्मदिन के अवसर पर अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपमाला सजाएं।

झारखंड एवं सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी के चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने यात्रा पर जा रहे सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित यात्रा और सकुशल वापसी की कामना की।

बड़ी संख्या में संगत ने दी विदाई

विदाई कार्यक्रम में CGPC के वरीय उपाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह, लखविंदर सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, सुखदेव सिंह बिट्टू, सरबजीत सिंह ग्रेवाल, जसवंत सिंह जसु, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, राजीव सिंह, मनोज सिंह, जितेंद्र राय, बॉबी शर्मा, विनोद सिंह, उज्जवल, गुरदीप सिंह, सुखदेव सिंह, कमलजीत सिंह, राजेंद्र सिंह तरसिक्का, रणजीत सिंह, जसबीर सिंह पादरी, जीएस चाने, गुरदयाल सिंह मनावाल, परमजीत सिंह, अमरजीत सिंह और रोशन सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।

सेंट्रल स्त्री सत्संग सभा की प्रधान रविंदर कौर, चेयरमैन कमलजीत कौर, संरक्षक दलवीर कौर, उपाध्यक्ष बलविंदर कौर, चरणजीत कौर भाटिया और परमजीत कौर सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग भी स्टेशन पर पहुंचे। श्रद्धालुओं की रवानगी के दौरान पूरा वातावरण धार्मिक उत्साह और आपसी भाईचारे से सराबोर नजर आया।