रिपोर्टर: वन्दना रावत
Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से फॉरेंसिक साइंस और साइबर सुरक्षा के एक प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। अब यूपी केवल अपने राज्य तक सीमित न रहकर देश भर के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने का काम कर रहा है। इसी कड़ी में लखनऊ स्थित ‘उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस’ (UPSIFS) में सोमवार से छह सप्ताह के ‘समर इंटर्नशिप प्रोग्राम’ का शानदार आगाज हुआ। इस कार्यक्रम में यूपी सहित देश के 17 विभिन्न राज्यों के 108 छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं। अगले छह हफ्तों तक ये छात्र विशेषज्ञों की देखरेख में कानून, साइबर सिक्योरिटी, फॉरेंसिक साइंस और डिजिटल फॉरेंसिक जैसे महत्वपूर्ण विषयों का गहन प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
Lucknow युवाओं के लिए रोजगार और डेटा की ताकत
इस इंटर्नशिप कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के संस्थापक निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी ने किया। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने आधुनिक दुनिया में डेटा की अहमियत पर जोर दिया। डॉ. गोस्वामी ने कहा कि आज के दौर में जिसके पास डेटा की ताकत है, वही सबसे मजबूत है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए बताया कि फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में करियर और रोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यदि युवा पूरी लगन और समर्पण के साथ इस क्षेत्र में कदम बढ़ाएं, तो सफलता उनके कदम चूमेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान में बिताए गए ये छह हफ्ते छात्रों के भविष्य के नए द्वार खोलेंगे।
Lucknow सीएम योगी का विजन: सिर्फ डिग्री नहीं, कौशल विकास पर जोर
डॉ. जीके गोस्वामी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का जिक्र करते हुए स्पष्ट किया कि इस संस्थान का लक्ष्य केवल यूपी के युवाओं को ही नहीं, बल्कि पूरे देश के छात्र-छात्राओं के भविष्य को संवारना है। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद छात्रों को केवल एक इंटर्नशिप सर्टिफिकेट थमाना नहीं है, बल्कि उनके भीतर ऐसे वास्तविक कौशल (Skill) का विकास करना है, जिससे वे बाहरी दुनिया की पेशेवर चुनौतियों का डटकर सामना कर सकें और खुद को मजबूती से स्थापित कर सकें।
Lucknow ‘दृढ़ संकल्प का कोई विकल्प नहीं’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के अपर निदेशक राजीव मल्होत्रा ने युवाओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि जीवन में संकल्प का कोई दूसरा विकल्प नहीं होता। यदि छात्र एक मजबूत लक्ष्य और लगन के साथ यूपीएसआईएफएस (UPSIFS) में आए हैं, तो उनकी मेहनत निश्चित रूप से रंग लाएगी। इस खास मौके पर डिप्टी डायरेक्टर चिरंजीव मुखर्जी, जनसंपर्क अधिकारी संतोष कुमार तिवारी, डॉ. सपना शर्मा, डॉ. निताशा, डॉ. अजीत कुमार, डॉ. प्रेरणा, डॉ. प्रीती और डॉ. नेहा समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

