रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर
Supaul : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर शुक्रवार को सुपौल में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और बापू के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित तमाम प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने सत्य, अहिंसा और सद्भाव को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।
बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण और भावभीनी श्रद्धांजलि
Supaul कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बापू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उपस्थित अधिकारियों व कर्मियों ने मौन रखकर राष्ट्रपिता के अतुलनीय योगदान और स्वतंत्रता संग्राम के संघर्षों को याद किया।
सत्य, अहिंसा और स्वच्छता को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान
Supaul जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज के युग में भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने पहले थे। उन्होंने स्वच्छता को एक व्यक्तिगत आदत के साथ-साथ सामाजिक दायित्व माना था। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने समाज में शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि बापू के दिखाए अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त समाज की स्थापना संभव है।
पौधरोपण कर लिया पर्यावरण संवर्धन का संकल्प
Supaul श्रद्धांजलि सभा के उपरांत डीएम और एसपी ने प्रशासनिक परिसर में पौधारोपण किया। अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी निरंतर देखभाल और संरक्षण भी बेहद जरूरी है। स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ समाज का आधार है, इसलिए हर नागरिक को अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने के साथ-साथ अधिक से अधिक पेड़ लगाने की जिम्मेदारी उठानी चाहिए।

