SheikhpuraSheikhpura
Spread the love

रिपोर्टर: रंजन कुमार

Sheikhpura : बिहार के शेखपुरा जिला अंतर्गत बरबीघा थाना क्षेत्र के कुतुबचक गांव से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक सनकी युवक द्वारा सरेआम हथियार लहराने और एक अन्य युवक पर तलवार से जानलेवा हमला करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक हाथ में धारदार तलवार और देसी कट्टा लेकर तांडव मचा रहा है। इस खौफनाक वीडियो के सामने आने के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में खौफ और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है।

Sheikhpura डेयरी दुकान में घुसकर लूटे ₹20 हजार, विरोध पर किया जानलेवा वार

इस खूनी संघर्ष को लेकर अस्थावां की रहने वाली रूबी देवी ने बरबीघा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 15 जून की शाम को उनका बेटा प्रशांत कुमार अपनी डेयरी की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही राहुल कुमार और सोनू कुमार उर्फ धर्मेश कुमार वहां धमक पड़े। आरोपियों ने तमंचे के बल पर दुकान के गल्ले (काउंटर) से करीब 20 हजार रुपये की नकदी जबरन निकाल ली। जब प्रशांत ने इस लूट का विरोध किया, तो आरोपी उसे घसीटते हुए दुकान से बाहर ले गए और उस पर तलवार से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।

Sheikhpura गर्दन पर होने वाले वार को हाथ से रोका, कटीं तीन उंगलियां

हमलावर राहुल कुमार ने जैसे ही प्रशांत की गर्दन काटने के लिए तलवार चलाई, प्रशांत ने खुद को बचाने के लिए अपना हाथ आगे कर दिया। इस वजह से तलवार सीधे उसके हाथ पर लगी और उसके एक हाथ की तीन उंगलियां कटकर अलग हो गईं। बीच-बचाव के दौरान आरोपियों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है। लहूलुहान हालत में प्रशांत को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया है।

Sheikhpura पुलिस जांच में जुटी, हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू

वायरल वीडियो में एक अन्य युवक हमलावर को शांत कराने और बीच-बचाव करने की कोशिश करता भी नजर आ रहा है, हालांकि खौफ की वजह से ग्रामीण इस मामले पर कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं। बरबीघा के थाना अध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है। आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

ये भी पढ़े: Firozabad में पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़: सर्राफा व्यापारी से ‘मिर्ची झोंक’ लूट करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, 19 लाख कैश बरामद