रिपोर्टर: नेहा गुप्ता
Arrah : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सफल कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भोजपुर द्वारा आरा परिसदन सभागार में एक विशेष मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष दुर्गा राज की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। संवाद के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों और बिहार में हो रहे चौमुखी विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला।
Arrah वैश्विक मंच पर मजबूत हुआ भारत, अर्थव्यवस्था और गरीब कल्याण में रचा इतिहास
मीडिया से बात करते हुए सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में वैश्विक स्तर पर एक नई ऊंचाई हासिल की है। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। देश डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व कर रहा है और रिकॉर्ड विदेशी निवेश (FDI) के साथ ‘स्टार्टअप इंडिया’ के माध्यम से लाखों युवाओं को नए अवसर मिले हैं।
उन्होंने सरकार की विदेश नीति की सराहना करते हुए कहा कि रूस-यूक्रेन और इजरायल-हमास जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय संकटों के बीच से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाना देश की बढ़ती कूटनीतिक ताकत को दर्शाता है। इसके अलावा, उन्होंने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, जनधन खाते, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा और पीएम आवास जैसी गरीब कल्याणकारी योजनाओं को देश की प्रगति का मुख्य आधार बताया।
Arrah नारी शक्ति, किसान और युवाओं के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने रेखांकित किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ने का मौका मिला है। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के पारित होने, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक मदद मिलने और तीन तलाक जैसी कुप्रथा की समाप्ति से महिलाएं आत्मनिर्भर हुई हैं। वहीं, किसानों के लिए ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ के जरिए सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता, नीम कोटेड यूरिया और किसान क्रेडिट कार्ड के विस्तार ने कृषि क्षेत्र को मजबूत किया है। युवाओं के लिए नई शिक्षा नीति 2020, डिजिटल इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों ने नए रास्ते खोले हैं।
Arrah बिहार में ‘डबल इंजन’ सरकार की रफ्तार, इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास को गति
बिहार के संदर्भ में बात करते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सूबे की ‘डबल इंजन’ सरकार विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों (NH) का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, पटना मेट्रो परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है, और वंदे भारत ट्रेनों के नेटवर्क को बढ़ाया गया है। इसके अलावा, राज्य में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, एम्स पटना का विस्तार और मखाना को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जीआई टैग दिलाकर पहचान दी गई है। उन्होंने कहा कि यह 12 वर्ष केवल सरकार का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि एक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प हैं।
इस महत्वपूर्ण मीडिया संवाद के दौरान जिला मीडिया प्रभारी संजय कुमार सिंह, अगिआंव विधायक महेश पासवान, विधान पार्षद (MLC) जीवन कुमार, प्रदेश मंत्री सुषमा साहू, मिथिलेश कुशवाहा, राजेंद्र तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, हरेंद्र पांडेय, सीडी शर्मा, ज्योति प्रकाश कुशवाहा, निशांत सेंगर और विभु जैन सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े: Bhagalpur: विक्रमशिला के बाद अब सुल्तानगंज रेल ओवरब्रिज पर संकट, बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक की तैयारी

