DeogharDeoghar
Spread the love

रिपोर्टर: इम्तियाज अंसारी

Deoghar : झारखंड के देवघर जिले के 48वें उपायुक्त (DC) के रूप में आईएएस (IAS) सौरभ कुमार भुवानिया ने आधिकारिक तौर पर पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में निवर्तमान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह से जिले की कमान ली। पदभार संभालने के बाद नए उपायुक्त ने मीडिया और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया।

Deoghar श्रद्धालुओं को सुखद अहसास कराना पहली प्राथमिकता

कार्यभार संभालते ही उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि उनकी सबसे पहली और महत्वपूर्ण प्राथमिकता आगामी ‘राजकीय श्रावणी मेला – 2026’ का भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश-विदेश से आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं को देवघर (बाबाधाम) में सभी जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि कांवर यात्रा के बाद वे यहाँ से एक सुखद और यादगार अनुभूति लेकर अपने घर लौटें। इससे राज्य सरकार की गरिमा और छवि को देश स्तर पर नई ऊंचाई मिलेगी।

Deoghar बेहतर प्रशासनिक समन्वय और पारदर्शिता पर जोर

डीसी ने कहा कि जिले के विकास और सुशासन के लिए सभी हितधारकों (स्टेक होल्डर्स) के बीच बेहतर तालमेल होना बेहद जरूरी है। वे आम जनता के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और मीडियाकर्मियों के साथ एक मजबूत समन्वय स्थापित करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि एक सकारात्मक और सहयोगात्मक प्रशासनिक माहौल तैयार किया जाए, जिससे जिले की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को गति मिल सके।

Deoghar समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगी जनकल्याणकारी योजनाएं

सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए नए उपायुक्त ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य सरकारी योजनाओं को धरातल पर शत-प्रतिशत उतारना है। विकास की दौड़ में पीछे छूटे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की महत्वाकांक्षी और जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाया जाएगा। योग्य और जरूरतमंद लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा ताकि जिले का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

ये भी पढ़े: Mokama विधायक अनंत सिंह को बड़ी अदालती राहत: हथियार प्रदर्शन मामले में 30 मई तक गिरफ्तारी पर रोक