SagarSagar
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Sagar : मध्य प्रदेश के सागर जिले में हाल ही में हुए दर्दनाक जहरीली शराब कांड को लेकर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने तड़के हुई एक मुठभेड़ के बाद मामले के मुख्य आरोपी शिवांजय राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।

जंगल की घेराबंदी के दौरान आरोपी ने की फायरिंग

Sagar पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी शिवांजय मडैया के जंगलों के रास्ते छपरी स्थित अपने घर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही सागर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बांदरी और बहरोल थाना पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर तीन राउंड गोलियां चला दीं।

जवाबी कार्रवाई में घायल, हथियार और बाइक बरामद

Sagar आरोपी की गोलीबारी के जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए। इसमें एक गोली आरोपी शिवांजय के पैर में लगी और वह गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया। मौके से पुलिस ने एक 315-बोर की देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, तीन खोखे, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।

मामले की न्यायिक जांच के लिए आयोग का गठन

Sagar गौरतलब है कि सागर में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। आरोपी शिवांजय राजपूत पहले से ही शराब तस्करी के तीन मामलों में नामजद है। इधर, राज्य सरकार ने इस पूरे कांड की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं। सेवानिवृत्त जस्टिस विष्णु प्रताप सिंह चौहान की अध्यक्षता में गठित एक सदस्यीय आयोग तीन महीने के भीतर मौतों के कारण, अधिकारियों की लापरवाही और रोकथाम के उपायों पर अपनी रिपोर्ट सौंपेगा।

ये भी पढ़े: दिल्ली के गांधी नगर में अचानक झुकी 4 मंजिला इमारत, मचा हड़कंप; पूरी बिल्डिंग खाली कराई गई