NokhaNokha
Spread the love

By: Yogendra Singh

Nokha : रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक वृद्ध का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पेनार गांव के पास स्थित एक पोखर के किनारे पुआल के ढेर में 65 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात लोगों ने वृद्ध की बेरहमी से पिटाई कर उनकी हत्या कर दी और शव को पुआल के नीचे छिपा दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, बरांव गांव और धारूपुर के सिवान के बीच पेनार गांव के पास गुरुवार को कुछ किसान गेहूं की फसल की पटवन करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें आसपास से तेज दुर्गंध महसूस हुई। बदबू के कारण किसानों को शक हुआ और उन्होंने आसपास खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान पुआल के ढेर के बीच एक शव पड़ा मिला। शव काफी सड़-गल चुका था, जिससे पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत नोखा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

चार दिन पहले घर से निकले थे मृतक

Nokha सूचना मिलने पर नोखा थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार और पुलिस इंस्पेक्टर अनुज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि शव की हालत और दुर्गंध को देखते हुए यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या तीन से चार दिन पहले की गई होगी।

बाद में मृतक की पहचान हथनी टोला निवासी 65 वर्षीय नथुन राम के रूप में हुई। मृतक के पुत्र हृदय नारायण ने बताया कि उनके पिता रविवार की शाम घर से निकले थे। उन्होंने घरवालों से कहा था कि वे अपने पैर के ठहुना के इलाज के लिए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार नथुन राम अक्सर इसी रास्ते से चर्च जाया करते थे। घर से निकलते समय उनके पास एक झोला भी था, जिसमें कुछ पैसे और जरूरी सामान रखा हुआ था।

मोबाइल और आधार कार्ड गायब, लूट के बाद हत्या की आशंका

Nokha परिजनों ने बताया कि जब शव बरामद हुआ तो झोले में कुछ सामान तो मिला, लेकिन उनका मोबाइल फोन और आधार कार्ड गायब था। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि हत्या के बाद कुछ सामान लूट लिया गया हो। परिवार के लोगों का कहना है कि नथुन राम का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी, इसलिए उनकी हत्या किस वजह से की गई, यह समझ से परे है।

वहीं, इस मामले में थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल पर वैज्ञानिक अनुसंधान टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जाएगी।

Also Read This: Assam: भारतीय वायुसेना का सुखोई लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त, कार्बी आंगलॉन्ग में चला रहा खोज और बचाव अभियान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *