रिपोर्टर:- ऋषभ कुमार
Nawada : बिहार के नवादा जिले से रविवार देर शाम एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जनता की सुरक्षा और आपातकालीन सेवा में चौबीसों घंटे तैनात रहने वाले ‘डायल 112’ के एक चालक सिपाही की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। मृतक जवान पूर्व में भारतीय सेना का हिस्सा रह चुके थे। इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार सहित पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
Nawada सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार टोटो ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक वाकया नगर थाना क्षेत्र के महुली इलाके के पास हुआ। डायल 112 (वाहन संख्या 3) पर तैनात चालक शिव कुमार ड्यूटी पर थे। इसी दौरान वे वाहन से उतरकर सड़क किनारे गए और जब वापस लौटने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार टोटो (ई-रिक्शा) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
Nawada मौके पर ही तोड़ा दम, सेना से रिटायर होने के बाद पुलिस में थे तैनात
टक्कर इतनी भीषण थी कि गंभीर रूप से घायल सिपाही शिव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि मृतक शिव कुमार नवादा जिले के ही नारदीगंज क्षेत्र के रहने वाले थे। वे भारतीय सेना (Indian Army) से सेवानिवृत्त होने के बाद बिहार पुलिस में बतौर चालक सिपाही अपनी सेवाएं दे रहे थे।
Nawada सदर अस्पताल पहुंचे एसपी; साथी पुलिसकर्मियों की आंखें नम
जवान की मौत की खबर मिलते ही नवादा के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनव धीमान तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। अस्पताल परिसर में मौजूद साथी जवानों और अधिकारियों की आंखें अपने कर्मठ साथी को खोने के गम में नम थीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले टोटो चालक की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़े: Pumpkin seed: रोजाना एक चम्मच पंपकिन सीड्स खाने से मिलते हैं ये जबरदस्त फायदे

