रिपोर्टर: अतहर खान
Munger : बिहार के मुंगेर जिले में यातायात पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदना का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। बोचाही के पास सड़क दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं (कांवरियों) की खबर मिलते ही ट्रैफिक एएसआई नित्यानंद मंडल तुरंत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बिना समय गंवाए घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में कुल पांच कांवरिया चोटिल हुए हैं, जिनमें से तीन की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
Munger अजगेबीनाथ धाम से लौट रहे थे श्रद्धालु, खड़े वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, दरभंगा जिले के रहने वाले ये सभी श्रद्धालु सुल्तानगंज स्थित बाबा अजगैबीनाथ धाम से जल अर्पण करने के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे। यात्रा के दौरान बोचाही के पास जब वे सड़क किनारे विश्राम कर रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित टूरिस्ट गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। श्रद्धालुओं ने इमरजेंसी नंबर 112 पर सूचना दी थी, परंतु उससे पहले ही स्थानीय पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू कर दिया।
Munger यातायात डीएसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल, आर्थिक मदद का दिया भरोसा
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही यातायात डीएसपी भी मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से घायलों के स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित श्रद्धालुओं से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। डीएसपी ने बताया कि प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रावधानों के अनुसार दुर्घटना पीड़ितों को पात्रता के आधार पर अधिकतम ₹1.5 लाख तक की वित्तीय सहायता मुहैया कराई जा सकती है, जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अतिरिक्त, यदि आवश्यकता पड़ी तो बेहतर इलाज हेतु बाहर भेजने का प्रबंध भी किया जाएगा।
पुलिस की मुस्तैदी और मानवीय पहल से अभिभूत हुए पीड़ित
घायल कांवरियों और उनके परिजनों ने मुंगेर ट्रैफिक पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशीलता की खुले दिल से प्रशंसा की। श्रद्धालुओं का कहना था कि आपातकालीन कॉल का जवाब आने से पहले ही एएसआई नित्यानंद मंडल अपनी टीम के साथ वहां मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों के त्वरित हस्तक्षेप, इलाज की त्वरित व्यवस्था और वित्तीय सहायता के आश्वासन ने इस संकट की घड़ी में पीड़ितों को बड़ा संबल दिया है।
ये भी पढ़े: कटिहार में बड़ा हादसा: कमला नदी में जल भरने गए 7 बच्चे डूबे, 3 मासूमों की मौत से पसरा मातम

