MungerMunger
Spread the love

रिपोर्टर: अतहर खान

Munger : बिहार के मुंगेर जिले में शिक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिले के संग्रामपुर प्रखंड स्थित एक आवासीय प्लस टू गर्ल्स स्कूल में भीषण गर्मी, बिजली कटौती और पानी की किल्लत के कारण 7 छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं। यह घटना कटियारी पंचायत के पतघाघर स्थित ‘पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग आवासीय विद्यालय’ की है। छात्राओं के बेहोश होने से स्कूल परिसर में भारी अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। आनन-फानन में सभी छात्राओं को संग्रामपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है।

Munger बिजली कटते ही कमरे में घुटन और बिगड़ी तबीयत

पीड़ित छात्राओं में खुशबू कुमारी, आराध्या कुमारी, प्रियांशु कुमारी, राली कुमारी, रिया कुमारी और सोना भारती सहित कुल सात लड़कियां शामिल हैं। छात्राओं के मुताबिक, अचानक बिजली कट जाने के कारण कमरों में पंखे बंद हो गए और उमस काफी बढ़ गई। दम घुटने और सांस लेने में तकलीफ होने के कारण कई छात्राओं को चक्कर आ गया और वे जमीन पर गिर पड़ीं। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी (हीट स्ट्रोक) और डिहाइड्रेशन के कारण छात्राओं की यह हालत हुई थी।

Munger 200 छात्राओं पर पानी का भारी संकट

इस आवासीय विद्यालय में लगभग 200 छात्राएं रहकर पढ़ाई कर रही हैं, लेकिन यहां उनके लिए पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधा का भी घोर अभाव है। स्कूल में लगा समरसेबल पंप पिछले कई दिनों से खराब पड़ा है। पानी की भारी किल्लत के कारण फिलहाल स्कूल की व्यवस्था पूरी तरह से पीएचईडी (PHED) के पानी के टैंकरों के भरोसे चल रही है। ऐसे में गर्मी के मौसम में छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Munger जनरेटर बना ‘शोपीस’, डीजल के लिए फंड ही नहीं

इस पूरी घटना ने विद्यालय प्रशासन की तैयारियों की भी पोल खोल दी है। बिजली कटने पर बैकअप के लिए स्कूल परिसर में जनरेटर तो मौजूद है, लेकिन वह महज एक ‘शोपीस’ बनकर रह गया है। विद्यालय प्रशासन का तर्क है कि जनरेटर में डीजल भरवाने के लिए उन्हें विभाग की तरफ से कोई राशि (फंड) आवंटित नहीं की गई है, जिस कारण बिजली जाने पर जनरेटर का उपयोग नहीं किया जा सकता है। फंड के इस अभाव ने मासूम छात्राओं की जान को जोखिम में डाल दिया है।

ये भी पढ़े: West Bengal में बड़ा एक्शन: TMC नेता दीपांकर भट्टाचार्य के ठिकानों से 80 लाख कैश और राहत सामग्री बरामद, हुए गिरफ्तार