रिपोर्टर: ईशु कुमार
West Bengal : पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी और कड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता और बादुरिया नगर पालिका के चेयरमैन दीपांकर भट्टाचार्य के विभिन्न ठिकानों पर पुलिस ने सघन छापेमारी की है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में लगभग 80 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी के साथ-साथ भारी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री भी बरामद की गई है। गबन और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के तहत पुलिस ने आरोपी नेता को गिरफ्तार कर लिया है।
West Bengal घर, पार्टी ऑफिस और कंप्यूटर सेंटर पर रेड
राज्य में चुनाव के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी अभियान के तहत सोमवार देर रात बादुरिया पुलिस स्टेशन की टीम ने दीपांकर भट्टाचार्य के आवास, टीएमसी पार्टी कार्यालय और उनके एक करीबी कंप्यूटर सेंटर पर अचानक दबिश दी। बताया जा रहा है कि कंप्यूटर सेंटर में ताला लगा हुआ था, जिसे तोड़कर पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई। सघन तलाशी के दौरान इन जगहों से कुल 80 लाख रुपये नकद बरामद हुए, जिसका कोई भी वैध स्रोत या हिसाब नेता के पास मौजूद नहीं था।
West Bengal सरकारी राहत सामग्री का गबन और पुलिस की कार्रवाई
नकदी के अलावा, पुलिस को इस छापेमारी में भारी मात्रा में ऐसी राहत सामग्री भी मिली है जिसे आपदा के समय आम जनता और गरीबों में बांटा जाना था। दीपांकर भट्टाचार्य पर इस सरकारी सामग्री का गबन करने का सीधा आरोप लगा है। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने उनके घर पर ताला जड़ दिया है। आरोपी नेता को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है और जानकारी के अनुसार, उन्हें आज ही न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
West Bengal मुर्शिदाबाद में कोलकाता पुलिस के अधिकारी पर भी ED का शिकंजा
भ्रष्टाचार के खिलाफ इस अभियान में दूसरी ओर केंद्रीय जांच एजेंसी (ED) ने मुर्शिदाबाद जिले के कांदी शहर में भी एक अहम कार्रवाई की है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने कोलकाता पुलिस के डीसी (DC) रैंक के अधिकारी शांतनु सिन्हा बिस्वास के आवास पर दोबारा छापा मारा है। गौरतलब है कि शांतनु फिलहाल ईडी की कस्टडी में ही चल रहे हैं। सेंट्रल फोर्स की कड़ी सुरक्षा के बीच ईडी के अधिकारी उनके घर के परिसर में मौजूद एक तालाब की विशेष निगरानी कर रहे हैं, जिसके चारों ओर 10 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाए गए थे।
ये भी पढ़े: Coconut water: गर्मियों में नारियल पानी पीने से मिलते हैं ये 5 जबरदस्त फायदे, शरीर रहता है ठंडा और हेल्दी

