By: Ravindra Singh
MP Weather : मध्य प्रदेश में इस समय मौसम के दोहरे तेवर देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां रात के तापमान में गिरावट से सिहरन बढ़ने लगी है, वहीं दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी का असर बरकरार है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में तापमान ज्यादा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का यह मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है।

इंदौर सबसे ठंडा, ग्वालियर-नर्मदापुरम में गर्मी
MP Weather प्रदेश के कई शहरों में रात के पारे में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इंदौर में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। इसके अलावा शाजापुर में 16.4 डिग्री, छिंदवाड़ा में 16.9 डिग्री, पचमढ़ी में 17.5 डिग्री और भोपाल में 17.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दूसरी ओर, ग्वालियर और नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है, जिससे दोपहर के वक्त गर्मी और बेचैनी महसूस हो रही है।
20 अक्टूबर से बदलेगा मौसम और बढ़ेगी ठंड
MP Weather मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 20 अक्टूबर के बाद रात के तापमान में और अधिक गिरावट आएगी, जिससे ठंड का असर तेजी से बढ़ेगा। हालांकि, अक्टूबर महीने के शेष दिनों में भी दिन के समय धूप और गर्मी से राहत मिलने की खास उम्मीद नहीं है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां थमी रहेंगी और मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।
मानसून की विदाई के बाद भी मौसमी सिस्टम सक्रिय
MP Weather मध्य प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई 3 अक्टूबर को ही हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उत्तर भारत में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों में ग्वालियर, चंबल और रीवा संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की स्थिति बनी रही। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अक्टूबर के महीने में गर्मी, बारिश और ठंड का मिला-जुला असर अमूमन हर साल देखने को मिलता है।

