रिपोर्टर: रंजीत सिंह
Bhopal : मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने शासकीय अनुदान प्राप्त अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ देने के मामले में बेहद सख्त रवैया अपनाया है। अवमानना याचिका (CONC-2092/2019) की सुनवाई करते हुए न्यायालय ने स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव आईएएस डॉ. संजय गोयल और तत्कालीन लोक शिक्षण आयुक्त आईएएस शिल्पा गुप्ता को आदेश के पालन हेतु चार सप्ताह की अंतिम मोहलत दी है। कोर्ट ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में आदेश का अनुपालन नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत के समक्ष पेश होना होगा।
सुप्रीम कोर्ट की याचिका का हवाला भी नहीं आया काम
Bhopal जस्टिस दीपक खोत की एकलपीठ ने 23 नवंबर 2026 को इस मामले की सुनवाई की। इस दौरान अधिकारियों का पक्ष रख रहे अधिवक्ता ने जवाब पेश करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा और तर्क दिया कि रिट अपील क्रमांक 1919/2026 के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर की गई है।
हालांकि, कोर्ट ने इस दलील को सिरे से खारिज कर दिया। न्यायालय ने कहा कि 17 जून 2025 को ही समन्वय पीठ अधिकारियों को आदेश की अवज्ञा का दोषी ठहरा चुकी है और रिट अपील भी खारिज हो चुकी है। ऐसे में केवल सुप्रीम कोर्ट में याचिका लंबित होने के आधार पर आदेश का पालन नहीं टाला जा सकता। साथ ही, अधिकारियों द्वारा व्यक्तिगत पेशी से छूट के लिए कोई आवेदन न दिए जाने पर भी कोर्ट ने नाराजगी जताई। इस प्रकरण की अगली सुनवाई अब 24 दिसंबर 2026 को निर्धारित की गई है।
प्रशासनिक फेरबदल के बाद वर्तमान आयुक्त पर टिकी निगाहें
Bhopal हाई कोर्ट के पूर्व आदेश में डॉ. संजय गोयल और तत्कालीन लोक शिक्षण आयुक्त शिल्पा गुप्ता का पदनाम सहित उल्लेख है। वर्तमान प्रशासनिक स्थिति के अनुसार, शिल्पा गुप्ता का तबादला गृह विभाग में सचिव के पद पर हो चुका है और उनकी जगह अभिषेक सिंह लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। कानूनी जानकारों का मानना है कि अगली सुनवाई में सरकारी वकील अदालत को इस प्रशासनिक बदलाव से अवगत कराएंगे। इसके बाद न्यायालय के निर्देशानुसार वर्तमान आयुक्त अभिषेक सिंह को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में तलब किया जा सकता है।
वर्ष 2019 से लंबित है शिक्षकों के वेतनमान का विवाद
Bhopal यह पूरा कानूनी विवाद मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की याचिका से शुरू हुआ था, जिस पर हाई कोर्ट ने 2 जनवरी 2019 को पात्र कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ देने के निर्देश दिए थे। विभाग द्वारा बार-बार अभ्यावेदन खारिज किए जाने और मामले को कैबिनेट के समक्ष न रखने पर जून 2025 में जस्टिस अवनींद्र कुमार सिंह ने कड़ी टिप्पणी की थी।
कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट और खंडपीठ के पूर्व फैसलों का हवाला देते हुए साफ किया था कि 31 मार्च 2000 तक नियुक्त अनुदान प्राप्त संस्थाओं के कर्मचारी 1978 के मूल अधिनियम और अनुदान नियमों के तहत सरकारी कर्मचारियों के समान वेतनमान पाने के हकदार हैं। इसके बावजूद विभाग द्वारा शिक्षण संस्थाओं को अनुदान राशि जारी नहीं की गई, जिसे कोर्ट ने जानबूझकर की गई अवमानना माना है।
ये भी पढ़े: सुपौल के त्रिवेणीगंज में RTI कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला, अस्पताल में जिंदगी की जंग





