Karnataka CM Residence Bomb Threat: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पुलिस ने एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने चालाकी से एक ऑटो रिक्शा चालक के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर मुख्यमंत्री के आवास को बम से उड़ाने की झूठी धमकी दी थी। यह मामला बेंगलुरु के सदाशिवनगर इलाके का है, जहां मुख्यमंत्री का निजी निवास स्थित है।
ऐप से ऑटो बुक कर रची साजिश
Karnataka CM Residence Bomb Threat: पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक ने 5 नवंबर को एक ऑनलाइन ऐप के जरिए ऑटो बुक किया और पिकअप लोकेशन के रूप में सदाशिवनगर स्थित मुख्यमंत्री के निजी आवास का पता डाल दिया। जब ऑटो चालक तय पते पर पहुंचा और बुकिंग करने वाले को कॉल किया, तो युवक ने कहा कि वह घर के भीतर मौजूद है और चालक से अपना फोन गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी को देने के लिए कहा।
सुरक्षाकर्मी से बात कर दी विस्फोट की चेतावनी
Karnataka CM Residence Bomb Threat:जब ऑटो चालक ने अपना फोन वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को थमाया, तो कॉल पर मौजूद युवक ने मुख्यमंत्री के आवास और विधानसभा परिसर में बम रखे होने का दावा किया। उसने यह भी कहा कि विस्फोट किसी भी वक्त हो सकता है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल तलाशी अभियान चलाया, लेकिन जांच में यह कॉल महज एक अफवाह निकली। ऑटो चालक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 7 नवंबर को बालाजीनगर (ब्यादाराहल्ली) निवासी आरोपी को दबोच लिया। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है और प्रारंभिक जांच में उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका जताई जा रही है।
मुंबई में भी मिल चुकी हैं बम धमकियों की झूठी सूचनाएं
Karnataka CM Residence Bomb Threat: हाल के दिनों में देश के अन्य हिस्सों में भी ऐसी फर्जी धमकियों के मामले सामने आए हैं। इसी महीने 12 नवंबर को मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें मुंबई मेयर कार्यालय, बॉम्बे हाईकोर्ट, हवाई अड्डे, महालक्ष्मी रेसकोर्स और अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। गहन जांच के बावजूद इन स्थानों से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
पहले भी निशाने पर रहे हैं प्रमुख संस्थान और आवास
Karnataka CM Residence Bomb Threat: इससे पूर्व 6 नवंबर को भी एक ई-मेल के जरिए बॉम्बे हाईकोर्ट, बीएसई (BSE), वर्ली रेसकोर्स और अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। इन घटनाओं के बाद मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित स्थानों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया था।





