MP Scooty Distribution 2026: मध्य प्रदेश में सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को भोपाल के सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हुए इस आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबियां वितरित कीं। प्रदेशभर में 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7,400 से अधिक छात्रों को ई-स्कूटी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से 11 विद्यार्थियों को स्वयं स्कूटी की चाबी सौंपी। विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उन्होंने उनकी पढ़ाई, करियर की योजनाओं और भविष्य के सपनों के बारे में भी जाना। कार्यक्रम का एक खास पल तब आया, जब मुख्यमंत्री एक छात्रा के साथ स्कूटी पर बैठे और कुछ दूरी तक राइड का आनंद लिया।
विद्यार्थियों ने साझा किए अपने सपने
MP Scooty Distribution 2026:स्कूटी की चाबी पाने वाले विद्यार्थियों में खुशी राय भी शामिल थीं। उन्होंने बताया कि स्कूटी मिलने से उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ घर के जरूरी कामों में भी सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान उनसे परिवार और दोस्तों के साथ स्कूटी साझा करने को लेकर मजाकिया अंदाज में सवाल किया, जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंसी का माहौल बन गया।
एक अन्य विद्यार्थी शब्द ने बताया कि वह भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहते हैं और स्कूटी उनकी पढ़ाई के लिए आने-जाने में काफी उपयोगी साबित होगी।
आकाश साहू ने कृषि क्षेत्र में अपना व्यवसाय शुरू करने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वह पढ़ाई के साथ एग्रीकल्चर स्टार्टअप पर काम करना चाहते हैं और खाद्य एवं सब्जियों की सप्लाई से जुड़ा कारोबार शुरू करने की योजना है।
वहीं, शिव कुमार कौल ने कहा कि उनके परिवार में यह पहली गाड़ी है। उन्होंने भविष्य में इंजीनियर बनकर देश के विकास में योगदान देने की इच्छा व्यक्त की। कुछ अन्य विद्यार्थियों ने सीए, डॉक्टर, न्यूरोसर्जन और वकील बनने के अपने लक्ष्य भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने की योजना
MP Scooty Distribution 2026::मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और भविष्य के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगभग एक लाख रुपये तक की कीमत वाली स्कूटी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक आने-जाने में सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार विद्यार्थियों को किताबें, यूनिफॉर्म और साइकिल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है।
शिक्षा के बजट और स्कूलों को लेकर सीएम का बयान
MP Scooty Distribution 2026:मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में मध्य प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख किया। उनके अनुसार, राज्य में पहले स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी थी, जबकि अब विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले वर्ष राज्य के लिए 4.38 लाख करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया था, जिसमें स्कूल शिक्षा के लिए करीब 38 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया।
मुख्यमंत्री ने सांदीपनि विद्यालयों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन संस्थानों में आधुनिक सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है। उनके अनुसार, सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी अब उच्च शिक्षा के साथ-साथ खेती, व्यवसाय और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में भी करियर बनाने की सोच रहे हैं।
सरकार की योजनाओं का भी किया उल्लेख
MP Scooty Distribution 2026:अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी DBT के जरिए सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचने की बात कही।
उन्होंने डिजिटल भुगतान व्यवस्था और कोविड टीकाकरण अभियान सहित केंद्र सरकार की विभिन्न पहलों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें और शिक्षा के माध्यम से देश के विकास में योगदान दें।
12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान
MP Scooty Distribution 2026:स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि स्कूटी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम प्रयास में 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करते हुए अपने विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की उपलब्धि अन्य स्कूली छात्रों के लिए भी प्रेरणा का काम करेगी। मंत्री के मुताबिक, ई-स्कूटी विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा की राह को आसान बनाने में मदद करेगी।
जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ अपने सपनों और लक्ष्यों को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।

