MorenaMorena
Spread the love

रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल

Morena : जिले के बहुचर्चित कृष्णा गुर्जर हत्याकांड के बाद फरार हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए मुरैना पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। हालांकि, बीते 24 घंटों में एक दर्जन से अधिक संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी करने के बावजूद पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। वारदात की गंभीरता और आरोपियों की फरारी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) धर्मराज मीणा ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि आरोपियों के करीब पहुंचने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

पुरानी रंजिश में हुई थी हत्या, 9 नामजद व 3 अज्ञात पर केस दर्ज

Morena गौरतलब है कि सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 10 बजे आपसी रंजिश के चलते हमलावरों ने कृष्णा गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मोटरसाइकिल से घटनास्थल से भाग निकले थे। इस प्रकरण में पुलिस ने 9 नामजद तथा 3 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस पर जल्द से जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का दबाव है।

पांच पुलिस टीमों ने जनकपुर से सबलगढ़ तक खंगाले ठिकाने

Morena आरोपियों की तलाश के लिए एसपी धर्मराज मीणा ने कोतवाली, सिविल लाइन, स्टेशन रोड, सरायछोला और बानमोर थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया है। इन टीमों ने पिछले 24 घंटे में ताबड़तोड़ दबिश दी। मंगलवार-बुधवार की रात जनकपुर गांव में एक साथ घेराबंदी की गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से निकल चुके थे। इसके अलावा नायकपुरा, जौरा, कैलारस, सबलगढ़ और मुरैना शहरी क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर भी छापे मारे गए, पर कोई सफलता हाथ नहीं लगी।

राजस्थान भागने की आशंका, स्पेशल टीम को मिले अहम सुराग

Morena पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिले में बढ़ती सख्ती और नाकाबंदी के बीच आरोपी मध्य प्रदेश की सीमा पार कर पड़ोसी राज्य राजस्थान में छिप गए हैं। एसपी धर्मराज मीणा ने बताया कि करीब आधा दर्जन थानों के बल के साथ एक विशेष टीम भी इस ऑपरेशन में लगाई गई है। दबिश के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर संभावित ठिकानों की घेराबंदी की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा जताया है कि इनाम की घोषणा और तकनीकी व मुखबिर तंत्र की मदद से सभी आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़े: जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर अपराध के दो मामलों में 10 आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल व सिम बरामद