Court Life Imprisonment Dowry Death:उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में दहेज की मांग को लेकर महिला को जिंदा जलाने के मामले में अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। करीब सात साल चली सुनवाई के बाद अपर सत्र न्यायाधीश न्यायालय संख्या-3 के पीठासीन अधिकारी सुभाष चंद्र मौर्य (एचजेएस) ने यह फैसला सुनाया। अदालत ने छोटू उर्फ सुशील, राजू उर्फ पंकज और सास रामादेवी को हत्या के आरोप में उम्रकैद और प्रत्येक पर 20,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा, संबंधित धारा के तहत तीनों को 3-3 साल की अतिरिक्त कैद और 1,000-1,000 रुपये अर्थदंड की सजा भी दी गई है।
दो लाख रुपये की मांग पर जलाने का आरोप
Court Life Imprisonment Dowry Death:अभियोजन के मुताबिक, किशनपुर थाना क्षेत्र के नैनी निवासी राम बाबू विश्वकर्मा ने अपनी बहन रेखा देवी का विवाह थरियांव थाना क्षेत्र के मुसेरापुर निवासी सुनील कुमार से किया था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर शादी के लगभग छह वर्ष बाद देवरों और सास ने रेखा पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी थी।
आग बुझाते वक्त पति भी झुलसा, दोनों की मौत
Court Life Imprisonment Dowry Death:रेखा को बचाने और आग बुझाने के प्रयास में पति सुनील कुमार भी गंभीर रूप से झुलस गया था, जिसकी उपचार के दौरान 6 फरवरी 2019 को मौत हो गई। वहीं, रेखा ने 13 फरवरी 2019 को हैलट में दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच और सुनवाई शुरू की गई थी।
मृत्यु पूर्व बयान बना फैसले का मुख्य आधार
Court Life Imprisonment Dowry Death:सुनवाई के दौरान मृतका के भाई राम बाबू और जीजा दिनेश चंद्र अपने बयान से पलट गए थे। इसके बावजूद रेखा द्वारा पहले दर्ज कराया गया मृत्यु पूर्व बयान केस में निर्णायक साबित हुआ। अपने बयान में रेखा ने सास व देवरों द्वारा मारपीट किए जाने और देवर छोटू उर्फ सुशील द्वारा मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की बात कही थी। इसी बयान के आधार पर न्यायालय ने दोष सिद्ध किया।
10 गवाहों के परीक्षण के बाद आया फैसला
Court Life Imprisonment Dowry Death:अभियोजन पक्ष की ओर से अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) रघुराज सिंह ने मामले की पैरवी की और कुल 10 साक्षियों के बयान दर्ज कराए गए। सभी साक्ष्यों और दलीलों पर विचार करने के बाद अदालत ने तीनों दोषियों को सजा सुनाई।

