MahasamundMahasamund
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Mahasamund : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में खैर लकड़ी की अवैध तस्करी, फर्जी बिलिंग और फर्जी एनओसी के एक बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। महासमुंद पुलिस ने हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में ताबड़तोड़ दबिश देकर करोड़ों रुपए की नकदी और भारी मात्रा में अवैध खैर लकड़ी बरामद की है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में एक मुख्य कारोबारी को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य कारोबारी गिरफ्तार

Mahasamund महासमुंद पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से ‘शिव ट्रेडर्स’ के संचालक सतपाल सिंह को धर दबोचा है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाया गया है, जिसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने हिमाचल में छापेमारी के दौरान 1 करोड़ 70 लाख रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा, हरियाणा के गुरुग्राम स्थित बहोड़ा कलां में ‘श्री बालाजी ट्रेडिंग’ के गोदाम पर कार्रवाई कर करीब 15 टन खैर लकड़ी भी जब्त की गई।

अब तक कुल 2.51 करोड़ नकद और 70 टन लकड़ी बरामद

Mahasamund इस अंतरराज्यीय तस्करी के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले पुलिस ने सरसीवा में मनीष अग्रवाल के ठिकाने से 81 लाख रुपए जब्त किए थे। इस प्रकार, अब तक इस पूरे सिंडिकेट से कुल 2 करोड़ 51 लाख रुपए नकद और ओडिशा, मध्य प्रदेश, हरियाणा व हिमाचल प्रदेश से कुल 70 टन खैर लकड़ी जब्त की जा चुकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार से और कितनी संपत्ति अर्जित की गई है।

फर्जी बिल और जाली ट्रांजिट पास के जरिए चल रहा था अवैध कारोबार

Mahasamund जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह सिंडिकेट बिना वास्तविक माल की आपूर्ति किए खैर लकड़ी के फर्जी बिल और जाली दस्तावेज तैयार करता था। इसके बाद वन विभाग के नाम पर कथित फर्जी ट्रांजिट पास का इस्तेमाल कर इस अवैध लकड़ी के परिवहन को कानूनी रूप देने की कोशिश की जाती थी। इस मामले में पुलिस पहले ही मनीष अग्रवाल, पारितोष मिश्रा और अखिलेश सिंघल को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और भारतीय वन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़े: माचलपुर और पिपल्या कुलमी में जुए-सट्टे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पूछताछ जारी