LucknowLucknow
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Lucknow : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बनाया। हमलावर ने पीड़ित के सिर के पास एक के बाद एक तीन गोलियां दाग दीं और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया। यह पूरी रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना वहां लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।

Lucknow दफ्तर पहुंचते ही घात लगाए हमलावर ने बोला धावा

यह सनसनीखेज वारदात बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे पीजीआई (PGI) थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके में घटित हुई। मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले 40 वर्षीय संदीप सिंह वर्तमान में पीजीआई के वृंदावन कालिंदी पार्क के पास रहकर रियल एस्टेट का कारोबार करते हैं। बुधवार को जब वे अपने एक कर्मचारी विपिन कुमार के साथ कार से कल्ली पश्चिम स्थित अपने दफ्तर पहुंचे, तो कार से उतरकर फोन पर बात करते हुए भीतर जाने लगे। इसी दौरान सफेद गमछा लपेटे एक अज्ञात शूटर वहां पहुंचा और उसने संदीप पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

Lucknow ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी और मौत की जंग

फायरिंग के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। लहूलुहान संदीप सिंह को स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की मदद से तुरंत अपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आपातकालीन ऑपरेशन किया है, लेकिन उनके सिर में तीन गोलियां लगने के कारण उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वे वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

Lucknow निजी रंजिश की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

घटना का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, उसमें साफ दिख रहा है कि एक बाइक सवार बदमाश उतरता है और बेहद करीब से संदीप पर गोलियां बरसा देता है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में मामला किसी पुरानी निजी दुश्मनी या जमीनी विवाद का लग रहा है। पुलिस ने हमलावरों की धरपकड़ और मामले के खुलासे के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया है, जो संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

ये भी पढ़े: Sasaram में अकेलापन बना काल: बंद मकान में मिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर का शव, बदबू आने पर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना