रिपोर्टर: मनोज कुमार
Katihar : बिहार के कटिहार शहर को रोजाना के ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), यातायात पुलिस के प्रतिनिधि और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में ऑटो और टोटो (ई-रिक्शा) के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए कई कड़े और महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
Katihar इन 3 प्रमुख जगहों पर बनेंगे अस्थाई पार्किंग स्थल
शहर में वाहनों के बेतरतीब ठहराव को रोकने के लिए नगर आयुक्त ने तीन प्रमुख इलाकों को चिन्हित कर वहां अस्थाई पार्किंग जोन बनाने का आदेश दिया है:
- अरगरा चौक
- चौधरी मोहल्ला
- मिर्चाईबारी सहायक थाना के पास
इन सभी पार्किंग स्थलों पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने और नियमों का पालन करवाने के लिए विशेष रूप से यातायात पुलिस के जवानों की तैनाती की जाएगी।
Katihar बिना रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों पर लगेगा बैन, मिलेगी रूट और कलर कोडिंग
बैठक के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने अवैध रूप से चल रहे वाहनों पर नकेल कसने के लिए कई अहम सुझाव दिए, जिन्हें सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया:
- अवैध वाहनों पर रोक: शहर में बिना रजिस्ट्रेशन (गैर-पंजीकृत) दौड़ रहे ऑटो और टोटो के परिचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाएगा।
- कलर कोडिंग और रूट निर्धारण: पंजीकृत (Registered) वाहनों की पहचान को आसान बनाने के लिए उन्हें विशिष्ट कलर कोड दिए जाएंगे और उनके लिए निश्चित रूट तय किए जाएंगे। कोई भी वाहन अपने निर्धारित रूट से अलग सवारी नहीं ढो सकेगा।
Katihar ऑटो-टोटो संघों के साथ होगी अगली बैठक, रूट्स की सूची होगी तैयार
नगर निगम प्रशासन का कहना हैं कि “यातायात पुलिस को शहर के प्रमुख रूटों की एक विस्तृत सूची तैयार कर जल्द से जल्द परिवहन विभाग को सौंपने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, अन्य छोटे पार्किंग स्थलों की तलाश के लिए जल्द ही ऑटो और टोटो संघ के पदाधिकारियों के साथ एक कंबाइंड मीटिंग की जाएगी।”
इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य कटिहार के नागरिकों को रोज-रोज के ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाना और शहर की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक व सुगम बनाना है।
ये भी पढ़े: Weather Update: केरल पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून, 18 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

