रिपोर्टर: मनोज कुमार
Katihar : बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कँपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ फलका थाना क्षेत्र के छोहार पंचायत अंतर्गत मोहजान गांव में एक 22 वर्षीय वीडियोग्राफर की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने युवक का लहूलुहान शव बहियार (खेतों) में पड़ा देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मनीष मंडल के रूप में हुई है। मृतक के पिता ने एक शादीशुदा महिला के साथ प्रेम-प्रसंग और उसके पति द्वारा दी गई धमकियों को इस हत्या की मुख्य वजह बताया है।
Katihar रील्स और वीडियो बनाने से शुरू हुआ था प्यार, मोबाइल ठीक करने के बहाने बुलाती थी महिला
मृतक के पिता अर्जुन मंडल के अनुसार, पूरा विवाद सोशल मीडिया के लिए वीडियो (रील्स) बनाने से शुरू हुआ था। मनीष गांव की ही एक महिला काजल कुमारी और कुछ अन्य युवाओं के साथ मिलकर वीडियो बनाता था। इसी दौरान मनीष और दो बच्चों की मां काजल के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और पिछले 3 महीनों से दोनों का अफेयर चल रहा था। महिला अक्सर मनीष को कभी मोबाइल तो कभी घर का पंखा ठीक करने के बहाने अपने पास बुलाती थी, जिससे महिला का पति पप्पू पासवान और उसके ससुराल वाले बेहद नाराज थे।
Katihar दो दिन पहले घर आकर दी थी जान से मारने की धमकी, पिता की चेतावनी भी रही बेअसर
पिता का आरोप है कि करीब दो महीने पहले महिला का पति पप्पू कुमार पासवान खुद उनके पास आया था और चेतावनी दी थी कि “अपने बेटे को समझा लो, वरना कोई अप्रिय घटना हो सकती है।” विवाद यहीं नहीं रुका, बल्कि हत्या से ठीक दो दिन पहले भी कुछ अज्ञात युवक मनीष के घर पर आ धमके थे और उसे सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी देकर गए थे। पिता ने आशंका जताई है कि बुधवार की रात सोची-समझी साजिश और योजना के तहत उनके बेटे को बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई।
Katihar FSL की टीम ने जुटाए 5 अहम सबूत, प्रेम-प्रसंग के एंगल से पुलिस की तफ्तीश जारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोढ़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सुनील कुमार शर्मा, फलका और पोठिया थाना अध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए कटिहार से एफएसएल (FSL) की फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल के पास 5 अलग-अलग जगहों से सबूत इकट्ठा किए हैं, जिनमें मृतक के गले की चेन, खून के धब्बे, चप्पल और मोबाइल के ब्लूटूथ बड्स शामिल हैं। एसडीपीओ ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस त्रिकोणीय प्रेम-प्रसंग सहित सभी संभावित एंगल्स से जांच कर रही है।

