By: Yogendra Singh
Katihar : बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र में अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मनोहरपुर पंचायत के महेशाडीह (वार्ड नंबर 9) में मंगलवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान महेश सिंह उर्फ महेश सिंह निषाद (पिता स्वर्गीय गणेश सिंह) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोशित हैं।

बेटे ने जब दीवार फांदकर देखा, तो उड़ गए होश
Katihar मिली जानकारी के अनुसार, महेश सिंह अपने नवनिर्मित मकान में अकेले रहते थे। मृतक के पुत्र बबलू सिंह ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात उन्होंने अपने पिता को खाना खिलाया और फिर सोने के लिए अपने पुराने पैतृक घर चले गए। बुधवार की सुबह जब बबलू अपने पिता से मिलने नए मकान पर पहुँचे, तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। अनहोनी की आशंका होने पर बबलू सिंह पिछले रास्ते से दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए। अंदर का दृश्य खौफनाक था; उनके पिता का लहूलुहान शव जमीन पर पड़ा था। अपराधियों ने किसी धारदार हथियार से उन पर हमला कर उनकी जान ले ली थी।
पुलिस की तफ्तीश शुरू, अपराधियों की तलाश जारी
Katihar वारदात की सूचना मिलते ही मनिहारी थाना अध्यक्ष पंकज आनंद और सर्किल इंस्पेक्टर पप्पू कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कोशिश की जा रही है। मनोहरपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि ललन यादव ने भी मौके पर पहुँचकर दुख जताया और प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन आपसी रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर सघन जांच जारी है। प्रशासन ने दावा किया है कि अपराधी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।
Also Read This: Sasaram: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर आकाशदीप का भव्य स्वागत-खेल शोरूम का किया उद्घाटन, युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

