रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Kalayat : हरियाणा के कलायत क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चियों के अपहरण की एक सनसनीखेज साजिश नाकाम हो गई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया है। यह पूरी घटना तब सामने आई जब आरोपी बच्चियों को बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल पर ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में गाड़ी खराब होने और बच्चियों के शोर मचाने के कारण वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

Kalayat लिफ्ट देने के बहाने किया बच्चियों का अपहरण
शिकायत के अनुसार, बात्ता गांव की रहने वाली एक महिला ने बताया कि उसकी बेटियां सुबह कुरुक्षेत्र जाने के लिए सजुमा रेलवे स्टेशन की तरफ पैदल जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार वहां रुका और उसने बच्चियों को रेलवे स्टेशन तक छोड़ने का झांसा देकर अपनी बाइक पर बिठा लिया। हालांकि, स्टेशन आने पर उसने गाड़ी नहीं रोकी और उन्हें जबरन पंजाब की सीमा की तरफ ले जाने लगा।
Kalayat मोटरसाइकिल खराब होने से बचीं मासूमों की जान
आरोपी जब बच्चियों को लेकर सिणंद-धनोरी मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक उसकी मोटरसाइकिल में खराबी आ गई। इस सुनहरे मौके का फायदा उठाकर बच्चियों ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीर इकट्ठा हो गए। बच्चियों ने आपबीती बताई, जिसके बाद राहगीरों ने तुरंत उनके परिवार को सूचित किया। परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चियों को सुरक्षित वापस लाए।
Kalayat पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी पहुंचा जेल
मामले की सूचना मिलते ही कलायत थाना प्रभारी (PSI) अमन के मार्गदर्शन में PSI अमित कुमार की टीम ने त्वरित एक्शन लिया। पुलिस ने पंजाब के अंदाना गांव के रहने वाले आरोपी रमन को धर दबोचा और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को भी जब्त कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसे अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े: Mungeli में वन विभाग का बड़ा एक्शन: 90 हेक्टेयर वन भूमि से हटा अवैध कब्जा, ढहाई गईं 50 से अधिक झोपड़ियां

