रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : 20वीं राज्य स्तरीय सीनियर बालक खो-खो प्रतियोगिता (सत्र 2026-27) में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए जामताड़ा जिले की 15 सदस्यीय टीम शुक्रवार को कोडरमा के लिए रवाना हो गई। खिलाड़ी जामताड़ा रेलवे स्टेशन से इंटरसिटी एक्सप्रेस के जरिए प्रतियोगिता स्थल चाराडीह (कोडरमा) के लिए निकले। इस दौरान स्टेशन परिसर में खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए खेल प्रेमियों और पदाधिकारियों की भीड़ जुटी रही।
Jamtara ‘जामताड़ा में छिपी है बेहतरीन खेल प्रतिभा’ – डॉ. दुर्गा दास भंडारी
खिलाड़ियों को विदा करते हुए जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ. दुर्गा दास भंडारी ने कहा कि खो-खो भारत का एक पारंपरिक खेल है, जो खिलाड़ियों में गति, ऊर्जा और टीम भावना का विकास करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और सही मार्गदर्शन मिलने पर ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी नाम रोशन करेंगे।
24 से 26 जुलाई तक होगा मुकाबला
जामताड़ा जिला खो-खो संघ के सचिव नंदन सिंह ने बताया कि 24 से 26 जुलाई तक झारखंड राज्य खो-खो संघ के बैनर तले कोडरमा में इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जामताड़ा की टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाएगी।
विदाई के वक्त मौजूद रहे संघ के पदाधिकारी
खिलाड़ियों की रवानगी के समय संघ के वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी, उपाध्यक्ष भूपेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष गौरव जोशी, अनीश रंजन, सुभाष सोरेन, प्रीतम मुर्मू, कृष्णा राम मुर्मू, लक्ष्मण और जीत समेत कई खेल प्रेमी उपस्थित थे। सभी ने खिलाड़ियों को जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
ये भी पढ़े: झारखंड: अवैध शराब पर कसेगा शिकंजा, उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक में CM हेमंत सोरेन ने दिए कई कड़े निर्देश

