रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : झारखंड के जामताड़ा जिले की मिहिजाम थाना पुलिस ने ढेकीपाड़ा कब्रिस्तान के पास रेल कर्मचारी से हुई मोबाइल और नकदी लूट की घटना का सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े एक विधि-विवादित किशोर (नाबालिग) को दबोचा है। पकड़े गए आरोपी के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई अपाची बाइक और लूटे गए मोबाइल बरामद किए गए हैं। मंगलवार को जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक (SP) शंभू कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी साझा की।


Jamtara चाकू की नोंक पर रेलकर्मी से की थी लूटपाट
यह वारदात 3 और 4 मई 2026 की मध्य रात्रि (करीब 12:30 बजे) की है, जब रेलवे कर्मचारी मोहम्मद इरफान अंसारी को तीन अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में घेर लिया था। अपराधियों ने चाकू का डर दिखाकर इरफान का मोबाइल, पैसों से भरा पर्स और अन्य कीमती सामान लूट लिया था। इस घटना को लेकर मिहिजाम थाने में मामला (कांड संख्या-28/2026) दर्ज कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एक विशेष एसआईटी (SIT) टीम का गठन कर जांच शुरू की गई थी।
Jamtara अगली वारदात से पहले पुलिस ने दबोचा
एसआईटी टीम लगातार तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच 25 मई को पुलिस को सटीक इनपुट मिला कि गिरोह के सदस्य शहरडाल गांव में इकट्ठा होकर किसी अन्य बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की और घेराबंदी कर एक नाबालिग को उसके घर के पिछले हिस्से से लोडेड अवैध हथियार के साथ धर दबोचा।
Jamtara अंतरराज्यीय छिनतई का कबूलनामा और आर्म्स एक्ट के तहत केस
पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए किशोर ने मिहिजाम की वारदात के साथ-साथ पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के चित्तरंजन इलाके में भी एक महिला से पर्स और मोबाइल छीनने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए सामान, इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से जलाए गए बैग के अवशेष बरामद कर लिए हैं। इस मामले में पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में आर्म्स एक्ट के तहत एक नया केस दर्ज किया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
ये भी पढ़े: Jamshedpur: मिथिलांचल के लिए ऐतिहासिक क्षण, CBSE पाठ्यक्रम में शामिल हुई मैथिली भाषा, समाज में जश्न का माहौल

