JamtaraJamtara
Spread the love

रिपोर्टर: रतन कुमार

Jamtara : साइबर क्राइम का गढ़ माने जाने वाले जामताड़ा में पुलिस ने ऑनलाइन जालसाजों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीन कुख्यात साइबर ठगों को धर दबोचा है। जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक (SP) शंभू कुमार सिंह ने इस पूरी कार्रवाई की जानकारी दी।

Jamtara गुप्त सूचना पर पुलिस की दबिश, सोनबाद और बेवा से हुई गिरफ्तारी

एसपी शंभू कुमार सिंह के निर्देशानुसार साइबर डीएसपी अमित कुमार की अगुवाई में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सोनबाद तथा मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा गांव में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों—बिक्रम दाँ, जय कुमार दास और हेमंत दास को गिरफ्तार कर लिया।

KYC अपडेट और कार्ड ब्लॉक करने के नाम पर बनाते थे शिकार

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। यह शातिर गिरोह आम लोगों को फोन कर खुद को बैंक का फर्जी अधिकारी बताता था। आरोपी बैंक खाते का KYC अपडेट कराने या फिर एटीएम/डेबिट कार्ड बंद होने का डर दिखाकर लोगों को अपनी बातों के जाल में फंसाते थे। झांसे में लेकर वे पीड़ितों से ओटीपी (OTP) व अन्य गोपनीय बैंकिंग डिटेल्स हासिल कर लेते थे और ई-वॉलेट व ऑनलाइन बैंकिंग के ज़रिए रकम उड़ा लेते थे।

आरोपियों से मोबाइल, सिम और बाइक जब्त; अंतरराज्यीय कनेक्शन की जांच

पुलिस ने पकड़े गए तीनों अपराधियों के पास से भारी मात्रा में साइबर अपराध में प्रयुक्त सामान जब्त किया है, जिसमें:

  • 6 स्मार्टफोन/मोबाइल
  • 8 एक्टिवेटेड सिम कार्ड
  • 2 एटीएम कार्ड
  • 1 मोटरसाइकिल (वारदात में प्रयुक्त)

एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि इस गैंग के तार देश के कई अन्य राज्यों के साइबर अपराधियों से जुड़े हुए हैं। पुलिस बाकी संदिग्धों को दबोचने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

ये भी पढ़े: श्रावणी मेला 2026: देवघर में हाईटेक 24×7 मीडिया सेंटर शुरू, पत्रकारों को मिलेगी हर पल की अपडेट