Jamshedpur : कदमा स्थित मरीन ड्राइव, जमशेदपुर में श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, झारखंड के माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन तथा माननीय केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की विशेष उपस्थिति रही।

वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ धार्मिक आचार्यों द्वारा भूमि पूजन सम्पन्न कराया गया। माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने शिलापट्ट का अनावरण कर केंद्र की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में माननीय सांसद बिद्युत बरन महतो, माननीय विधायक सरयू राय तथा माननीय विधायक पूर्णिमा साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
लगभग 100 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
Jamshedpur श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण लगभग 100 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया जाएगा। इसकी संरचना ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर की स्थापत्य शैली से प्रेरित होगी। केंद्र का संचालन श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
Jamshedpur मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने “जय जगन्नाथ” के उद्घोष के साथ अपने संबोधन में कहा कि देश और दुनिया में ऐसी कई संस्थाएं हैं जो न केवल अपने उद्देश्य को आगे बढ़ाती हैं, बल्कि समाज और मानव जीवन को भी सकारात्मक दिशा देती हैं। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समन्वय का एक जीवंत मंच बनेगा। मुख्यमंत्री ने ट्रस्ट की सोच और प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह केंद्र राज्य के लिए गौरव का प्रतीक बनेगा।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
Jamshedpur कार्यक्रम में टी वी नरेंद्रन (सीईओ एवं एमडी, टाटा स्टील), ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी एस.के. बेहरा, ट्रस्टी मनोरंजन दास एवं श्रीधर प्रधान सहित बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।

यह केंद्र भविष्य में आध्यात्मिक जागरण, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सामाजिक समन्वय का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Also Read This: Amalaki Ekadashi 2026: 27 फरवरी को रखे आमलकी एकादशी का व्रत, पूजा के बाद करें भगवान नरसिंह के 108 नामों का जाप

