रिपोर्टर: मयंक गुप्ता
Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के फूलबाग स्थित चिड़ियाघर के बाहर से रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हुई 18 वर्षीय सुहाना रजक आखिरकार 20 दिनों के बाद वापस मिल गई है। शिवपुरी निवासी सुहाना अपने पति करण के साथ ग्वालियर आई थी और पार्किंग के पास से अचानक गायब हो गई थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था जिसमें वह एक बाइक सवार के साथ जाती दिख रही थी। पुलिस पूछताछ में उसने अजीबोगरीब बयान दिए हैं, जिसके बाद पुलिस ने उसे फिलहाल नारी निकेतन भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
पति के पार्किंग जाते ही बाइक सवार के साथ हुई थी गायब
Gwalior प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवपुरी की रहने वाली सुहाना रजक 6 अक्टूबर को अपने पति करण के साथ ग्वालियर घूमने आई थी। जब पति गाड़ी पार्क करने गया, तो सुहाना अचानक वहां से लापता हो गई। पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक वीडियो सामने आया जिसमें वह एक अज्ञात बाइक सवार युवक के साथ जाती हुई नजर आ रही थी। इस घटना के बाद से पुलिस और परिजनों लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे, जिससे इलाके में हड़कंप मचा हुआ था।
पुलिस पूछताछ में सुहाना के अजीब दावे, बोली- रास्ता भटक गई थी
Gwalior 20 दिन बीत जाने के बाद जब सुहाना वापस लौटी, तो पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सुहाना ने दावा किया कि वह अपनी मर्जी से नहीं भागी थी, बल्कि उसने सिर्फ उस बाइक सवार से लिफ्ट ली थी। उसके मुताबिक, वह बाइक सवार उसे बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में छोड़कर चला गया था, जहां वह रास्ता भटक गई और पिछले कई दिनों से एक झोपड़ी में रह रही थी। हालांकि, उसके इन बयोंनों से पुलिस संतुष्ट नहीं हुई और उसके बयानों में कई तरह के विरोधाभास पाए गए।
पति के साथ जाने से इंकार, पुलिस ने शुरू की नारी निकेतन भेजने की प्रक्रिया
Gwalior सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पूछताछ के दौरान सुहाना ने अपने पति के साथ वापस शिवपुरी जाने से साफ इनकार कर दिया है। इसके अलावा, उसने किसी भी बॉयफ्रेंड के साथ रहने की बात से भी पूरी तरह इंकार किया है। युवती के बयानों और उसकी जिद को देखते हुए पुलिस अब उसे सुरक्षित रखने के लिए नारी निकेतन भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। इस पूरे मामले के अन्य पहलुओं की गहराई से जांच अभी भी जारी है।

