रिपोर्टर: विनय चतुर्वेदी
Gurdaspur Triple Murder Case : पंजाब के गुरदासपुर जिले के गांव मुंडी कराल में जमीनी विवाद को लेकर एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अंधाधुंध फायरिंग कर अपनी चाची, चचेरे भाई और बीच-बचाव करने आए अपने ही बचपन के दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। इस तिहरे हत्याकांड (Triple Murder) को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने घर के किचन में जाकर खुद को भी गोली मार ली। इस सनसनीखेज वारदात में कुल 4 लोगों की मौत हो गई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
Gurdaspur Triple Murder Case चाचा के घर में घुसकर बरसाईं गोलियां
शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी परगट सिंह का अपने सगे चाचा के परिवार के साथ पिछले काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी अचानक अपने चाचा के घर में हथियारों के साथ दाखिल हुआ। उस समय घर पर मौजूद उसकी चाची हरदीप कौर और नाबालिग चचेरे भाई हरअमृत सिंह पर उसने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलीबारी की इस घटना में मां-बेटे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
Gurdaspur Triple Murder Case समझाने आए लंगोटिया यार को भी नहीं बख्शा
चाची और भाई का कत्ल करने के बाद जब आरोपी परगट सिंह घर से बाहर निकल रहा था, तो रास्ते में उसका बचपन का दोस्त मनजोत सिंह मिल गया। मनजोत ने जब खून से सने हालात और परगट के गुस्से को देखा, तो उसने उसे शांत करने और समझाने की कोशिश की। लेकिन पागलपन की हद तक पहुंच चुके आरोपी ने अपने दोस्त पर भी रहम नहीं खाया और उसे भी गोली मार दी, जिससे मनजोत ने भी दम तोड़ दिया।
Gurdaspur Triple Murder Case वारदात के बाद खुद की जीवनलीला भी की समाप्त
तीन लोगों को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी परगट सिंह सीधे अपने घर की तरफ भागा। उसने अपने घर के किचन में जाकर खुद के सिर में गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गुरदासपुर पुलिस और डीएसपी सिटी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बटाला सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध।

