रिपोर्टर: राज शेखर
Delhi : देश की राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों और दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। नॉर्थ-वेस्ट जिले की फॉरेनर सेल ने जहांगीरपुरी इलाके से एक २४ वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। यह शख्स न सिर्फ भारत में अवैध रूप से रह रहा था, बल्कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचने और संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम देने के लिए इसने बकायदा एक ट्रांसजेंडर महिला का रूप धारण कर रखा था।
Delhi खुफिया इनपुट के बाद जहांगीरपुरी में तड़के हुई गिरफ्तारी
यह पूरी कार्रवाई १४ जुलाई २०२६ की सुबह अंजाम दी गई। पुलिस को जहांगीरपुरी के महेंद्र पार्क थाना क्षेत्र में एनएस मंडी के पास एक संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी का इनपुट मिला था। सूचना के आधार पर फॉरेनर सेल की एक विशेष टीम ने मौके पर जाल बिछाया और संदिग्ध हालत में घूम रहे मोहम्मद अब्दुल अलीम उर्फ प्रीति को हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम की मुस्तैदी के कारण आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला।
Delhi जेंडर-अफ़र्मिंग सर्जरी कराकर बदला था रूप, वैध दस्तावेज गायब
पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने आरोपी से उसकी पहचान और भारत में रहने से जुड़े कानूनी कागजात मांगे, तो वह कोई भी वैध भारतीय यात्रा या नागरिकता का दस्तावेज पेश नहीं कर सका। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह बांग्लादेश के खुलना जिले के मोकांपुर गांव का रहने वाला है। उसने यह भी खुलासा किया कि उसने जेंडर-अफ़र्मिंग सर्जरी करवाई थी। वह अक्सर साड़ी, सलवार-सूट, विग और भारी मेकअप का सहारा लेकर महिलाओं जैसा भेष बनाता था, ताकि रात के समय बिना किसी शक के अवैध गतिविधियों को अंजाम दे सके।
Delhi प्रतिबंधित ऐप और बांग्लादेशी आईडी बरामद, डिपोर्ट करने की तैयारी शुरू
पुलिस ने जब आरोपी अलीम की तलाशी ली, तो उसके पास से एक स्मार्टफोन बरामद हुआ। इस फोन में भारत में प्रतिबंधित ‘IMO’ ऐप इंस्टॉल था। इसके अलावा, फोन की गैलरी से उसके बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान दस्तावेजों की तस्वीरें भी मिली हैं। यह पूरा ऑपरेशन एसीपी रंजीत ढाका और इंस्पेक्टर विपिन कुमार के मार्गदर्शन में एसआई सपन की टीम द्वारा चलाया गया। पुलिस ने आरोपी को फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के समक्ष पेश कर दिया है और उसे देश से वापस भेजने (डिपोर्टेशन) की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़े: Ghaziabad: सिरफिरे ने किशोरी को चौथी मंजिल से नीचे फेंका, इलाज के दौरान तोड़ा दम

