BhopalBhopal
Spread the love

रिपोर्टर: अनुराग दीक्षित

Bhopal Bairagarh Stabbing Incident : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके में सोमवार को कानून-व्यवस्था को चुनौती देती हुई एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। स्थानीय पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक कपड़ा कारोबारी को अपना निशाना बनाया। हमलावरों ने महज 3 सेकंड के भीतर पीड़ित पर चाकू से 5 जानलेवा वार किए। हमला इतना बेरहम था कि चाकू उनकी पीठ को भेदते हुए फेफड़े तक धंस गया। पीड़ित को नाजुक हालत में अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है।

Bhopal Bairagarh Stabbing Incident दुकान के बाहर स्कूटी पर बैठे कारोबारी को घेरा

घायल कपड़ा कारोबारी की पहचान नीरज जनियानी के रूप में हुई है, जो बैरागढ़ क्षेत्र में ‘रेनू श्री टेक्सटाइल्स’ और ‘लक्ष्मी टेक्सटाइल्स’ नाम से कपड़े का कारोबार करते हैं। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे नीरज अपने पिता भगवानदास जनियानी के साथ हमेशा की तरह दुकान खोलने पहुंचे थे। दुकान का शटर उठाने के बाद नीरज बाहर खड़ी अपनी स्कूटी पर बैठ गए। इसी दौरान बैरागढ़ थाने की ओर से पैदल आए दो अज्ञात बदमाशों ने बिना कोई बात किए अचानक उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

Bhopal Bairagarh Stabbing Incident वारदात के बाद मची भगदड़, रेकी का फुटेज आया सामने

अचानक हुए इस प्राणघातक हमले के बावजूद लहूलुहान नीरज खुद को बचाने के लिए करीब 20 फीट आगे की ओर भागे। बाजार में शोर मचने और लोगों को जुटते देख दोनों आरोपी पैदल ही सैनिक कॉलोनी की तरफ भाग निकले। पुलिस द्वारा जुटाए गए सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से एक दिन पहले यानी रविवार शाम को इस इलाके की रेकी भी की थी।

Bhopal Bairagarh Stabbing Incident आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बैरागढ़ थाना प्रभारी अशोक गौतम अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की शिनाख्त और गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है। इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में खासा रोष और डर का माहौल है।

ये भी पढ़े: Lalu Prasad Yadav Bail: चारा घोटाला में लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, जमानत रद्द करने की CBI की याचिका खारिज