BhojpurBhojpur
Spread the love

रिपोर्टर: नेहा गुप्‍ता

Bhojpur : बिहार के भोजपुर जिले अंतर्गत चांदी थाना क्षेत्र के नरही गांव में चोरों ने पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात में कई बंद घरों को अपना निशाना बनाया। चोरों ने सेवानिवृत्त नलकूप चालक श्रीराम सिंह तथा उनके परिजनों रंजन, अमित, शुभम और विनीत के घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये नकद, कीमती जेवरात व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ गहरा आक्रोश है।

Bhojpur रेकी कर बंद घरों को बनाया गया निशाना

ग्रामीणों के अनुसार, सभी प्रभावित घरों में ताले बंद थे। पीड़ित रंजन के पुत्र रौशन और अन्य परिजनों ने बताया कि परिवार के लोग बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर अपराधियों ने पहले रेकी की और फिर बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया। कुरुक्षेत्र में रह रहे सेवानिवृत्त कर्मचारी श्रीराम सिंह के पक्के मकान के छह कमरों के ताले तोड़कर बड़ी चोरी की गई। सुबह पड़ोसियों द्वारा दरवाजे पर टूटे ताले देखने के बाद घटना की जानकारी हुई।

Bhojpur पुलिस गश्ती पर खड़े हुए गंभीर सवाल, नशेड़ियों की भूमिका पर चर्चा

एक ही रात में पांच घरों के ताले टूटने की घटना ने चांदी थाना पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था की पोल खोल दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि नियमित पुलिस गश्ती होती, तो चोरों को इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने का समय नहीं मिलता। मौके पर पहुँची 112 और पुलिस टीम ने क्षेत्र में सूखे नशे में लिप्त युवाओं को चोरी के संभावित कारणों में से एक बताया, जिस पर ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

डॉग स्क्वायड और FSL टीम से जांच कराने की मांग

क्षेत्र में बढ़ते अपराध और असुरक्षा के माहौल को देखते हुए ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से कड़े कदम उठाने की अपील की है। लोगों ने मांग की है कि मामले का वैज्ञानिक तरीके से खुलासा करने के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल (FSL) टीम की मदद ली जाए। साथ ही गांवों में गश्ती बढ़ाने और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने की मांग की गई है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

ये भी पढ़े: गुजरात: ‘दिव्यांग बस पास’ के डिजीलॉकर इंटीग्रेशन को मिली राष्ट्रीय पहचान, 4.42 लाख से अधिक लाभार्थियों को मिलेगा फायदा