रिपोर्टर: दीनानाथ माऔर
Aurangabad : बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग 139 (NH-139) को केंद्र सरकार ने फोरलेन बनाने की हरी झंडी दे दी है। औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने एक प्रेस वार्ता के दौरान इस निर्णय की जानकारी देते हुए इसे अपने निरंतर संघर्ष और भागीरथ प्रयासों का परिणाम बताया। NH-139 के चौड़ीकरण और फोरलेन बनने से न केवल बिहार के कई जिलों की परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि पड़ोसी राज्यों के साथ अंतरराज्यीय संपर्क भी अधिक सुगम हो जाएगा।
पटना से झारखंड तक 175 किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी फोरलेन
Aurangabad पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि NH-139 बिहार की राजधानी पटना से शुरू होकर कई जिलों से गुजरते हुए झारखंड की सीमा को जोड़ती है। लगभग 175 किलोमीटर लंबी यह मुख्य सड़क छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और नेपाल से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी मुख्य मार्ग का काम करती है। फोरलेन निर्माण से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ट्रैफिक जाम तथा हादसों की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
चुनाव हारने के बाद भी जारी रहा फोरलेन के लिए प्रयास
Aurangabad सुशील कुमार सिंह ने बताया कि जब वे औरंगाबाद के सांसद थे, तब भी उन्होंने संसद से लेकर मंत्रालय तक इस मार्ग को फोरलेन बनाने की आवाज उठाई थी। चुनाव में हार के बावजूद उन्होंने इस जनकल्याणकारी परियोजना के लिए अपना प्रयास बंद नहीं किया। उन्होंने बताया कि जब केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बिहार के गयाजी आए थे, तब भी उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मिलकर इस सड़क के निर्माण की आवश्यकता से उन्हें अवगत कराया था, जिस पर मंत्री जी ने सकारात्मक आश्वासन दिया था।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य, केंद्र और राज्य सरकार के प्रति जताया आभार
Aurangabad पूर्व सांसद ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के आश्वासन का ही परिणाम है कि आज केंद्र सरकार की ओर से NH-139 को फोरलेन में बदलने की आधिकारिक मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बहुत जल्द इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू हो जाएगा। इस सौगात के लिए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और बिहार सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें साधुवाद दिया।
ये भी पढ़े: ग्वालियर में अश्लील AI तस्वीरों को लेकर विवाद, दो युवकों की चप्पलों और बेल्ट से पिटाई

