GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: मयंक गुप्‍ता

Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एआई (AI) तकनीक की मदद से एक युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर वायरल करने के विवाद ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग दो युवकों को बेरहमी से चप्पलों और बेल्ट से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित युवकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर वायरल की गई थीं आपत्तिजनक तस्वीरें

Gwalior गत 4 अक्टूबर को डबरा के महावीरपुरा इलाके की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने देहात थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी का इस्तेमाल कर उसकी आपत्तिजनक और एआई-जनरेटेड तस्वीरें सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दी हैं। पुलिस ने इस मामले में आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसमें केवल कोरी और इशू कोरी नामक दो युवकों की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस ने इनमें से एक आरोपी को पकड़कर शुरुआती कार्रवाई भी की थी।

युवती के परिजनों के संपर्क में आने के बाद युवकों को पीटने का वीडियो वायरल

Gwalior प्रारंभिक जानकारियों के अनुसार, मामले के सामने आने के बाद दोनों युवक किसी माध्यम से युवती और उसके परिवार के संपर्क में आए थे। इसके तुरंत बाद ही उनके साथ मारपीट की खौफनाक घटना को अंजाम दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवती, एक महिला और कुछ अन्य लोग अपने चेहरे ढंके हुए हैं और दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ चप्पलों और बेल्ट बरसा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

वार्ड पार्षद के पति पर मारपीट करवाने का गंभीर आरोप, थाने पहुंचा मामला

Gwalior मारपीट की इस घटना के बाद पीड़ित युवक अपने परिजनों के साथ सीधे डबरा सिटी थाने पहुंचे। वहां उन्होंने स्थानीय वार्ड पार्षद कीर्ति पचौरिया के पति दिनेश पचौरिया पर इस पूरी मारपीट की घटना को सुनियोजित तरीके से करवाने का गंभीर आरोप लगाया। युवकों ने पुलिस से मांग की है कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जांच में जुटी है।

ये भी पढ़े: रांका-दास की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान मजिस्ट्रेट को धमकी: पुलिस ने दर्ज किया मामला, सीजेपी ने जताई आपत्ति