BhojpurBhojpur
Spread the love

रिपोर्टर: नेहा गुप्‍ता

Bhojpur : जिले का प्रमुख आरा रेलवे स्टेशन इन दिनों सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के चक्कर में युवाओं के ‘रील’ बनाने का केंद्र बनता जा रहा है। प्लेटफार्मों पर सार्वजनिक रूप से अश्लील व भद्दे गानों पर डांस कर रील बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्टेशन पर लगातार बढ़ रही इस तरह की गतिविधियों के कारण जहां एक ओर सामान्य यात्रियों को भारी असहजता और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े होने लगे हैं।

Bhojpur सरेआम अश्लील गानों पर थिरक रहे युवक-युवतियां, यात्री हो रहे शर्मसार

सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में रील बनाने वाले बेखौफ होकर यात्रियों की मौजूदगी के बीच अभद्र गानों पर नृत्य और प्रदर्शन करते देखे जा रहे हैं। स्टेशन परिसर में अपनी ट्रेनों का इंतजार कर रहे विशेषकर महिला और बुजुर्ग यात्री इस तरह की हरकतों से बेहद असहज और शर्मिंदा महसूस करते हैं। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन जैसी सार्वजनिक और संवेदनशील जगह पर ऐसी फुहड़ता से यात्रा का माहौल खराब हो रहा है और रोजाना का यह तमाशा अब सिरदर्द बन चुका है।

Bhojpur RPF की गश्ती पर सवाल, कार्रवाई न होने से बढ़ रहा रीलबाजों का मनोबल

यात्रियों की सुरक्षा और प्लेटफार्म पर अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालने वाली RPF पुलिस की चुप्पी इस पूरे मामले में सबसे चिंताजनक पहलू है। प्लेटफार्म पर खुलेआम रील बनने के बावजूद सुरक्षाकर्मियों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई न किए जाने से इन रीलबाजों का मनोबल लगातार बढ़ता ही जा रहा है। मामले के तूल पकड़ने के बाद भी आरपीएफ का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी कैमरे पर कुछ भी बोलने या अपना पक्ष रखने से बचता दिख रहा है।

यात्रियों ने की कड़ी कार्रवाई और प्लेटफार्म पर निगरानी बढ़ाने की मांग

स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों ने रेल प्रशासन से इस मामले में तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है। यात्रियों का कहना है कि यदि समय रहते प्लेटफार्म पर गश्त बढ़ाकर ऐसे तत्वों के खिलाफ चालानी व कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे न केवल सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त होगी बल्कि किसी दिन बड़ी दुर्घटना या विवाद की स्थिति भी बन सकती है। आम नागरिकों ने आरा स्टेशन के प्लेटफार्मों पर सीसीटीवी और सुरक्षा गश्त बढ़ाने की अपील की है।

ये भी पढ़े: क्या पेट्रोल पंपों पर बिक रहा है मिलावटी तेल? पेट्रोलियम मंत्रालय ने 2000 से ज्यादा सैंपलों की जांच के बाद किया बड़ा खुलासा