BhojpurBhojpur
Spread the love

Report by: Neha Gupta

Bhojpur : बिहार के भोजपुर जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहाँ ‘फिल्मी अंदाज’ में एक नाबालिग लड़की अपनी शादी की जिद मनवाने के लिए मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। चिलचिलाती धूप और सैकड़ों फीट की ऊँचाई पर लड़की को देख पूरे गांव के हाथ-पांव फूल गए। चांदी थाना क्षेत्र के बहियारा गांव में हुई इस घटना ने प्रशासनिक अमले को घंटों तक सांसें थामने पर मजबूर कर दिया।

Bhojpur 200 फीट ऊंचे टावर पर जान जोखिम में डाली

घटना भोजपुर के चांदी थाना अंतर्गत बहियारा गांव की है। यहां एक नाबालिग लड़की अचानक गांव में स्थित लगभग 200 फीट ऊंचे BSNL टावर के शिखर पर जा पहुंची। भीषण गर्मी और तपती धूप के बावजूद वह टावर की ऊँचाई पर जाकर खड़ी हो गई। जैसे ही ग्रामीणों ने लड़की को ऊपर देखा, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोग नीचे से उसे उतरने की गुहार लगाते रहे, लेकिन वह अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी रही और नीचे आने से साफ इनकार कर दिया।

Bhojpur पुलिस की सूझबूझ और ‘मनोवैज्ञानिक’ जीत

घटना की गंभीरता को देखते हुए चांदी थानाध्यक्ष राकेश रौशन और महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) मधुकुमारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लड़की को जबरन उतारना जोखिम भरा हो सकता था, इसलिए महिला पुलिस अधिकारी ने धैर्य से काम लिया। उन्होंने टावर के नीचे से ही लड़की से बात करना शुरू किया और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी। पुलिस ने चतुराई दिखाते हुए उसे प्रेमी से मोबाइल पर बात कराने का लालच दिया और बहला-फुसलाकर नीचे उतरने के लिए मनाया। करीब आधे घंटे के तनावपूर्ण ड्रामे के बाद लड़की सुरक्षित नीचे आ गई।

Bhojpur प्रेम प्रसंग और घर से भागने का पुराना मामला

लड़की के नीचे आने के बाद पुलिस उसे थाने ले गई और परिजनों को सूचित किया। पूछताछ के दौरान नाबालिग की मां ने बताया कि उसकी बेटी चार दिन पहले भी अपने पिता की नानी के घर (सनदिया गांव) भाग गई थी। वहां उसका किसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। परिजन उसे समझा-बुझाकर वापस बहियारा लाए थे, लेकिन शादी की जिद में पागल होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

Bhojpur काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा

चांदी थानाध्यक्ष ने बताया कि लड़की की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे महिला पुलिस की निगरानी में रखा गया था। काफी देर तक समझाने और काउंसलिंग करने के बाद, लड़की को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों को भी हिदायत दी है कि वे बच्ची का ध्यान रखें और इस मामले को संवेदनशीलता से सुलझाएं। फिलहाल, इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Also Read This: Giridih: भीषण सड़क हादसा, कुलगो टोल प्लाजा के पास तीन ट्रकों की टक्कर के बाद लगी आग, दो की जिंदा जलकर मौत