DelhiDelhi
Spread the love

रिपोर्टर: गनेश सिंह

Delhi : आठवें वेतन आयोग को लेकर लाखों पेंशनर्स के बीच बेचैनी बढ़ती जा रही है, खासकर उन लोगों में जिनकी सेवानिवृत्ति 1 जनवरी 2026 से पहले हुई है। उन्हें आशंका है कि कहीं आयोग की सिफारिशों का लाभ केवल बाद में रिटायर होने वाले कर्मियों तक सीमित न रह जाए। इसी मुद्दे को लेकर पेंशनर्स के विभिन्न संगठनों ने सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया है और स्पष्ट नीति की मांग की है। हाल ही में दिल्ली में हुए प्रदर्शन और प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्रों के बाद यह विषय चर्चा के केंद्र में आ गया है।

1 जनवरी 2026 की तारीख को लेकर क्यों है असमंजस?

Delhi आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होने की संभावना जताई जा रही है। नवंबर 2025 में जारी किए गए टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) में OPS, NPS और UPS से जुड़ी पेंशन तथा ग्रेच्युटी में बदलाव का जिक्र है, लेकिन 1 जनवरी 2026 से पूर्व सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स के संशोधन को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है। संगठनों का कहना है कि केवल रिटायरमेंट की तिथि के आधार पर किसी को बढ़े हुए लाभ से वंचित रखना न्यायसंगत नहीं होगा।

‘वैलिडेशन ऑफ पेंशन रूल्स एक्ट, 2025’ पर ऐतराज

Delhi पेंशनर्स संगठनों ने फाइनेंस एक्ट 2025 के जरिए लागू किए गए ‘वैलिडेशन ऑफ पेंशन रूल्स एक्ट, 2025’ को समाप्त करने की मांग उठाई है। फोरम ऑफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन (FCPA) ने 25 नवंबर को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कानून रद्द करने और पीएम व वित्त मंत्री से मुलाकात का समय मांगा है। संगठनों का आरोप है कि यह कानून केंद्र को वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर पेंशनर्स के बीच अंतर करने और रिटायरमेंट की तारीख को आधार बनाने की छूट देता है, जिससे पुराने पेंशनर्स के हित प्रभावित हो सकते हैं।

समानता के सिद्धांत और सुप्रीम कोर्ट के फैसले का जिक्र

Delhi अपनी मांग के समर्थन में संगठनों ने 1983 के ‘डी.एस. नकारा बनाम यूनियन ऑफ इंडिया’ मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला दिया है। उस निर्णय में अदालत ने सेवानिवृत्ति की तारीख के आधार पर पेंशनर्स के बीच भेदभाव को मनमाना और संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत समानता के अधिकार के विरुद्ध ठहराया था। पेंशनर्स का कहना है कि पुराने न्यायिक सिद्धांतों के अनुरूप सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को पेंशन संशोधन का समान अधिकार मिलना चाहिए।

ये भी पढ़े: छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: धमतरी में अपर कलेक्टर के बंगले पर ईडी की दबिश, पति जांच के घेरे में