Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की हलचल तेज होने के साथ ही मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी गरमा गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, यह सभी को पता है। एबीपी न्यूज़ से बातचीत में उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव सभी को पार्टी के चुनाव चिह्न ‘कमल’ पर ही लड़ना है।
चुनाव चिह्न ‘कमल’ को बताया सर्वोपरि
Yogi Adityanath: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने ‘कमल’ को ही पार्टी का चेहरा बताया था, सीएम योगी ने अपनी सहमति जताई। समाचार चैनल से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए कमल का फूल ही सब कुछ है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर किसी तरह का संदेह नहीं है और हर कोई इस बारे में जानता है।
केशव प्रसाद मौर्य ने क्या दी थी प्रतिक्रिया?
Yogi Adityanath: गौरतलब है कि 2027 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी के सीएम फेस से जुड़े एक सवाल पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि चुनाव के समय ‘कमल’ ही पार्टी का मुख्य चेहरा होता है। मौर्य के अनुसार, चुनाव परिणाम आने और विधायकों के निर्वाचित होने के बाद केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में बैठक होती है, जहां आम सहमति से नेता का चयन किया जाता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि वर्तमान में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं, लेकिन भविष्य में कौन जिम्मेदारी संभालेगा, इसका फैसला उस समय के नवनिर्वाचित विधायक करेंगे।
तीसरी बार सरकार बनाने को लेकर ब्रजेश पाठक का बयान
Yogi Adityanath: दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राज्य में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने की रणनीति पर जोर दिया। पाठक के मुताबिक, विभिन्न समुदायों के नेताओं ने प्रदेश भर में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया है, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी एक बार फिर बड़े जनादेश और भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी कर सके।

