Delhi Police E Rickshaw: यात्रियों का शक दूर करने और उनका भरोसा जीतने के लिए ई-रिक्शा में अपने परिवार की महिलाओं और बच्चों को साथ बैठाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का दिल्ली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने यात्री से चाकू दिखाकर 5,000 रुपये छीनने के मामले में दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सुनसान जगह ले जाकर चाकू की नोक पर लूट
Delhi Police E Rickshaw: पुलिस के अनुसार, यह वारदात 14 नवंबर की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच की है। पीड़ित राजेश कुमार आनंद विहार बस अड्डे जाने के लिए नोएडा टी-पॉइंट से एक ई-रिक्शा में बैठे थे। ई-रिक्शा में पहले से ही दो महिलाएं और दो बच्चे सवार थे, जिससे पीड़ित को किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ।
रास्ते में चालक ने अपनी पत्नी और बच्चों को घर छोड़ने का बहाना बनाकर ई-रिक्शा धर्मशिला अस्पताल की ओर मोड़ दिया। इसके बाद वह यात्री को धर्मशिला पुल के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां चाकू दिखाकर उससे 5,000 रुपये और अहम दस्तावेज लूट लिए गए। जांच में सामने आया कि वारदात के दौरान ई-रिक्शा में मौजूद महिलाओं ने भी यात्री को डराया और चुप रहने का दबाव बनाया।
रिक्शा मालिक से मिला सुराग और ऐसे हुई गिरफ्तारी
Delhi Police E Rickshaw: शिकायत मिलने के बाद न्यू अशोक नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4)/3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। छानबीन के दौरान पुलिस ई-रिक्शा मालिक अंसार (55), निवासी कल्याणपुरी तक पहुंची। पूछताछ में पता चला कि वाहन उसका बेटा जुबैर चलाता है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में यह भी सामने आया कि जुबैर और उसका जीजा नजरे आलम पहले सनलाइट कॉलोनी थाने में दर्ज लूट के एक अन्य मामले में वांछित रह चुके हैं।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपियों को दबोचा:
- 20 नवंबर: तुर्कमान गेट इलाके से आरोपी जुबैर (22) को गिरफ्तार किया गया।
- 21 नवंबर: लाजपत नगर अंडरपास के पास से वारदात के समय ई-रिक्शा चला रहे नजरे आलम (22) को पकड़ा गया।
- महिला आरोपियों की गिरफ्तारी: लाजपत नगर से ही नजरे आलम की पत्नी (23) और जुबैर की मां (50) को भी गिरफ्तार किया गया, जिनके साथ दो नाबालिग बच्चे भी थे।
पारिवारिक गिरोह की अन्य वारदातों की पड़ताल
Delhi Police E Rickshaw: पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह पूरा गिरोह एक ही परिवार के सदस्यों द्वारा संचालित किया जा रहा था, जो यात्रियों को झांसा देने के लिए महिलाओं और बच्चों की मौजूदगी का इस्तेमाल करता था। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर अन्य संभावित घटनाओं की भी जांच जारी है।
read this:-Samajwadi Party manifesto 2027: संविधान दिवस पर जारी होगा सपा का ‘जन-मन घोषणापत्र’

