GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Gwalior : शहर की व्यस्त सड़कों पर सोमवार दोपहर एक बिना नंबर की सफेद कार ने तेज गति से दौड़ते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कार एक नाबालिग चला रहा था। नदीगेट चौराहे पर एक स्कूटर को टक्कर मारने के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय गति और बढ़ा दी और रास्ते में आने वाले स्कूटर, ऑटो व हाथ ठेलों से टकराता चला गया।

नदीगेट से महलगांव तक कई वाहनों से टकराई कार

Gwalior इंदरगंज थाना अंतर्गत नदीगेट के पास कार ने एक स्कूटर को टक्कर मारी, जिससे सवार संतोष जाटव गिरकर घायल हो गए और उनके दाहिने हाथ व पैर में चोटें आईं। इसके बावजूद नाबालिग ने कार नहीं रोकी और इंदरगंज चौराहे तथा रोशनीघर होते हुए महलगांव की ओर भागता रहा। इस दौरान कार ने हाथ ठेलों और सीएनजी ऑटो को भी चपेट में लिया। लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक संजय कॉम्प्लेक्स के पास खड़े ऑटो को टक्कर मारते हुए इंदरगंज चौराहे की दिशा में आगे बढ़ गया।

भीड़ ने घेरकर दबोचा, पुलिस ने की जब्ती

Gwalior पीछा कर रहे नागरिकों ने रोशनीघर के नजदीक कार को घेरने की कोशिश की, जिस दौरान एक और स्कूटर को टक्कर लगी। अंततः महलगांव के समीप जाम में फंसने के बाद रास्ता न मिल पाने पर लोगों ने कार को चारों ओर से घेरकर पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाबालिग चालक और कार को हिरासत में लेकर कंट्रोल रूम भेजा।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसमें कार को तेज रफ्तार में भागते और लोगों को उसका पीछा करते देखा जा सकता है। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह कार समथर (दतिया) निवासी मुकेश पाल की बताई जा रही है, जिसे उनका नाबालिग बेटा चला रहा था, जबकि वाहन उनके भाई सौरभ बघेल के नाम पर पंजीकृत है।

घबराहट में कार भगाने की बात, आगे की कार्रवाई जारी

Gwalior पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि नदीगेट पर स्कूटर से टक्कर होने के बाद वह घबरा गया था और पकड़े जाने के डर से वाहन भगाने लगा। फिलहाल पुलिस ने कार जब्त कर ली है और नाबालिग चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़े: बालाघाट के सांदीपनि बालिका छात्रावास में दहशत, 35 छात्राओं के हॉस्टल छोड़ने का दावा; प्राचार्य ने नकारी भूत-प्रेत की बात