BalaghatBalaghat
Spread the love

रिपोर्टर: संजय राठौर

Balaghat : जिले के आमगांव स्थित सांदीपनि विद्यालय परिसर के बालिका छात्रावास में रह रही छात्राओं के बीच भय का माहौल बनने की बात सामने आई है। छात्राओं का कहना है कि रात के समय परिसर में दरवाजा खटखटाने जैसी अजीब आवाजें आती हैं और संदिग्ध गतिविधियां महसूस होती हैं। इस स्थिति से घबराकर लगभग 35 छात्राओं के छात्रावास छोड़कर घर जाने की सूचना है, जबकि कुछ छात्राओं के अस्वस्थ होने की भी जानकारी मिली है।

रात में संदिग्ध आवाजों से घबराकर घर लौटीं छात्राएं

Balaghat छात्राओं के अनुसार, रात होने पर दरवाजों पर दस्तक जैसी आवाजें सुनाई देती हैं, जिससे कमरों में रह रही लड़कियां सहम जाती हैं। लगातार बने इस डर के चलते कई छात्राएं अपना सामान समेटकर अपने घर लौट गईं, वहीं कई छात्राओं को उनके अभिभावक व परिचित आकर साथ ले गए। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने इस समस्या के बारे में स्कूल प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षिका को अवगत कराया था, लेकिन इसके बाद भी उनका भय दूर नहीं हो सका।

प्राचार्य ने भूत-प्रेत की आशंका को किया खारिज

Balaghat पूरे प्रकरण पर सांदीपनि स्कूल के प्राचार्य डीएस वाड़ीवे ने छात्रावास में किसी भी तरह की पारलौकिक या भूत-प्रेत जैसी घटना होने से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि एक छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों की उपस्थिति में उसका उपचार कराया गया था। प्राचार्य के अनुसार लगभग 25 छात्राओं को उनके परिजन घर ले गए हैं, हालांकि छात्राओं की ओर से करीब 35 छात्राओं के हॉस्टल छोड़ने की बात कही जा रही है।

व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, जांच और काउंसलिंग की मांग

Balaghat छात्राओं और प्रबंधन के आंकड़ों व बयानों में अंतर सामने आने के बाद छात्रावास की निगरानी और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर मांग की जा रही है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर रात में सुनाई देने वाली आवाजों के वास्तविक कारण का पता लगाया जाए। इसके अलावा छात्राओं की चिकित्सकीय जांच और मानसिक काउंसलिंग कराते हुए जिला प्रशासन से परिसर में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की अपेक्षा की जा रही है।

ये भी पढ़े: 1 दिसंबर से बदल सकते हैं कई वित्तीय नियम, एलपीजी सिलेंडर से लेकर लोन की ईएमआई तक पड़ेगा असर