रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : जिले के शेखोंपुरसराय प्रखंड अंतर्गत अंबारी पंचायत सरकार भवन में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के बैनर तले ‘सुशासन नीतीश परिचर्चा’ और ‘सुशासन दिवस – नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में बिहार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। आयोजन के दौरान पुराने दौर से सुशासन की व्यवस्था तक पहुंचे बिहार के बदलाव और विकास यात्रा पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।

विकसित बिहार की दिशा में निरंतर प्रयास
Sheikhpura संबोधन के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अथक परिश्रम से बिहार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा है और अग्रणी राज्यों की कतार में शामिल होने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि चौमुखी विकास की नीतियों का असर हर क्षेत्र, वर्ग, जाति और समुदाय में दिख रहा है, जिससे राज्य गरीबी से उबरकर विकसित बनने की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन उपलब्धियों की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाएं।
जन-जन तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने का आह्वान
Sheikhpura कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य ललन प्रसाद और शेखपुरा के जदयू विधायक रणधीर कुमार सोनी ने कहा कि सुव्यवस्थित व दीर्घकालिक योजनाओं के जरिए प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का काम किया गया है। दोनों नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र के युवाओं और आम नागरिकों के बीच जाकर सरकार की नीतियों व उपलब्धियों को साझा करें।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता रहे मौजूद
Sheikhpura इस परिचर्चा में जदयू जिलाध्यक्ष, शेखपुरा विधायक रणधीर कुमार सोनी, बरबीघा विधायक डॉ. कुमार पुष्पांजय, पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े: दतिया में सरकारी जमीन पर अवैध प्लॉटिंग पर चला प्रशासन का बुलडोजर, तीन बीघा भूमि मुक्त

