रिपोर्टर: वीरेन्द्र राठौर
Jaipur : चर्चित 64 विला-कॉटेज खरीद प्रकरण में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी शिखर अग्रवाल की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। गुरुवार को राजस्थान हाईकोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच पर रोक लगाने से स्पष्ट इनकार कर दिया। अदालत ने इस संबंध में राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अब इस प्रकरण की अगली सुनवाई 18 दिसंबर को निर्धारित की गई है। गौरतलब है कि अग्रवाल ने 17 नवंबर को याचिका दाखिल कर ACB की कार्रवाई को चुनौती दी थी, जिस पर करीब आठ मिनट तक चली सुनवाई के बाद कोर्ट ने राहत देने से मना कर दिया।
पूछताछ के लिए नोटिस जारी करने की तैयारी में ACB
Jaipur एक तरफ जहां हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है, वहीं दूसरी ओर ACB ने अपनी जांच की रफ्तार तेज कर दी है। ब्यूरो ने 18 नवंबर को शिखर अग्रवाल तथा गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड (अनंता रिसॉर्ट्स) के संचालकों के विरुद्ध केस दर्ज किया था। इस प्राथमिकी में कंपनी के निदेशक मुकुंद शरण गोयल और प्रबंध निदेशक संजय गोयल सहित अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। जांच का जिम्मा संभाल रहे एएसपी प्रशांत कौशिक ने सबूत जुटाने के लिए 20 विभिन्न सरकारी विभागों से दस्तावेज मांगे हैं। अब एजेंसी शिखर अग्रवाल, संजय गोयल और मुकुंद शरण गोयल को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर रही है।
ढाई साल के भीतर परिवार ने खरीदे थे 40 विला-कॉटेज
Jaipur यह पूरा विवाद तब सुर्खियों में आया जब शिखर अग्रवाल, उनकी IPS पत्नी प्रशाखा माथुर और अन्य परिजनों द्वारा एक ही समूह से बड़ी संख्या में संपत्ति खरीदने का खुलासा हुआ। 27 अक्टूबर को उजागर हुई जानकारी के अनुसार, अग्रवाल दंपती, उनके दोनों बेटों और सास-ससुर ने महज ढाई साल की अवधि में गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड से 40 विला-कॉटेज खरीदे थे। मामला गरमाने के बाद सरकार ने कार्रवाई करते हुए दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को पद से हटाकर एपीओ (Awaiting Posting Orders) कर दिया था। इसके बाद 31 अक्टूबर को ब्यूरो ने प्रारंभिक जांच (PE) शुरू की थी।
59 लाख रुपये के विला महज 11 लाख में खरीदने का आरोप
Jaipur ACB की तफ्तीश में संपत्तियों के मूल्यांकन को लेकर भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि शिखर अग्रवाल ने करीब एक महीने (35 दिन) पहले जयपुर स्थित अनंता रिसॉर्ट में अपने दोनों बेटों के नाम पर 24 विला खरीदे थे। कागजों में इन विला की कीमत मात्र 11-11 लाख रुपये दर्शाई गई, जबकि कंपनी के आधिकारिक ब्रोशर में प्रति विला का बाजार मूल्य 59 लाख रुपये अंकित था। कीमतों में इस भारी अंतर को लेकर अब ब्यूरो गहनता से जांच कर रहा है।
ये भी पढ़े: शव लाने के नाम पर शेखपुरा के श्रम अधीक्षक से 10 हजार की साइबर ठगी, मामला दर्ज

