RaipurRaipur
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Raipur : महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच अब बेहद निर्णायक चरण में पहुंच गई है। ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत लाए गए चंद्राकर को 19 नवंबर तक ED की हिरासत में सौंपे जाने के साथ ही जांच एजेंसी ने उसके विदेशी निवेश, हवाला नेटवर्क और बेनामी संपत्तियों का पूरा कच्चा-चिट्ठा खोलना शुरू कर दिया है। भिलाई से निकलकर दुबई में बैठकर अवैध सट्टेबाजी का साम्राज्य चलाने वाले सौरभ की अब तक करीब 3500 करोड़ रुपये बाजार मूल्य की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं, जिनमें लगभग 1800 करोड़ रुपये की विदेश स्थित संपत्तियां शामिल हैं।

दुबई के पॉश इलाकों और बुर्ज खलीफा में खरीदा गया साम्राज्य

Raipur जांच एजेंसी के अनुसार, सट्टेबाजी से होने वाली अनुमानित 450 करोड़ रुपये की मासिक कमाई को हवाला और शेल कंपनियों के जरिए वैध संपत्तियों में बदला गया। ED ने दुबई और नई दिल्ली की जिन प्रमुख अचल संपत्तियों पर शिकंजा कसा है, उनमें दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा में स्थित अपार्टमेंट, दुबई हिल्स एस्टेट (हिल्स व्यू, फेयरवे रेजिडेंसी और सिड्रा) के आलीशान विला, बिजनेस बे और एसएलएस होटल एंड रेजिडेंस के लग्जरी फ्लैट शामिल हैं।

ये संपत्तियां सौरभ और उसके करीबी सहयोगियों जैसे विकास छपरिया, रोहित गुलाटी, अतुल अरोड़ा, नितिन तिबरेवाल और सुरेंद्र बागड़ी से जुड़ी कंपनियों के नाम पर खरीदी गई थीं। इसके अलावा, अमेरिकी कंपनी एबिक्स इंक के अधिग्रहण और शेयर बाजार में भी सट्टे की रकम खपाने के सबूत मिले हैं।

200 करोड़ की शाही शादी और मेहमानों की सूची बनी जांच की अहम कड़ी

Raipur फरवरी 2023 में संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह में हुई सौरभ चंद्राकर की भव्य शादी भी ED के रडार पर है। एजेंसी की पड़ताल में सामने आया है कि इस समारोह में करीब 200 करोड़ रुपये नकद खर्च किए गए थे और मेहमानों को ले जाने के लिए नागपुर से तीन चार्टर्ड विमानों का इंतजाम किया गया था। बॉलीवुड हस्तियों की मौजूदगी वाली इस शादी में हुए भुगतान के स्रोतों को खंगालने के लिए ED ने इवेंट मैनेजमेंट फर्मों, होटलों और ट्रैवल एजेंटों के खातों की जांच की। इस दौरान मिली अतिथियों की सूची से जांच अधिकारियों को सट्टा सिंडिकेट के पर्दे के पीछे काम करने वाले प्रमुख प्रबंधकों की पहचान करने में बड़ी मदद मिली।

CBI और ED की दोहरी कार्रवाई से हिला सिंडिकेट नेटवर्क

Raipur सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को मस्कट से भारत लाए जाने के बाद पहले CBI ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिससे मिले सुरागों के आधार पर छह राज्यों के 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इसके बाद 13 नवंबर को PMLA के तहत गिरफ्तारी कर ED अब उससे विदेशी कंपनियों के दस्तावेजों और बेनामी लेन-देन पर सवाल-जवाब कर रही है। दूसरी ओर, ऐप के दूसरे सह-संस्थापक रवि उप्पल को भी दुबई में हिरासत में लिए जाने के बाद पूरे सिंडिकेट की कमर टूटती नजर आ रही है और एजेंसियां अब विदेश में छिपे बाकी चेहरों और आर्थिक स्रोतों को बेनकाब करने में जुटी हैं।

ये भी पढ़े: करमाटांड़ में 7.170 किमी बाईपास सड़क को मंजूरी, 85.73 करोड़ होंगे खर्च