रिपोर्टर: टुनटुन कुमार
Motihari : पूर्वी चंपारण जिले से महिलाओं की सुरक्षा और अपराध से जुड़ी दो बेहद विपरीत और झकझोर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। एक तरफ जहां ढाका थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता की नृशंस हत्या कर शव को खेत में दफनाने का मामला प्रकाश में आया है, वहीं दूसरी तरफ मोतिहारी पुलिस ने सूबे की बेटियों की शादियों को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए एक सराहनीय और अनूठी पहल की शुरुआत की है।

दहेज के दानवों ने ली नवविवाहिता की जान
Motihari ढाका थाना क्षेत्र के करसहिया गांव की रहने वाली रंजिता का विवाह 15 फरवरी 2025 को कुंदन कुमार के साथ हुआ था। मृतका के पिता भगत प्रसाद कुशवाहा का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दो लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उनकी बेटी को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

आरोप के मुताबिक, 14 नवंबर को आरोपी पति ने रंजिता को मिलने के बहाने बुलाया और सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या कर शव को एक खेत में दफना दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर जमीन से शव बरामद कर लिया। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुदाल, कपड़े और मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। इस घटना के बाद परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने ढाका-घोड़ासहन मुख्य मार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। पोस्टमार्टम के बाद मृतका के पांच महीने के मासूम बेटे से जब मां को मुखाग्नि दिलाई गई, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
पुलिस प्रशासन की नई पहल: शादियों में मिलेगी विशेष सुरक्षा
Motihari इस दर्दनाक घटना के बीच मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने समाज में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए एक सख्त और सकारात्मक कदम उठाया है। एसपी ने घोषणा की है कि अब जिले में होने वाली हर बेटी की शादी को सुरक्षित बनाया जाएगा। इसके लिए विवाह वाले परिवारों को एक निर्धारित प्रपत्र भरकर संबंधित स्थानीय थाने में जमा करना होगा और उसकी एक प्रति आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 9470248818 पर व्हाट्सएप करनी होगी। पुलिस को समय पर सूचना मिलने पर विवाह समारोह के दौरान पर्याप्त सुरक्षा बल मुहैया कराया जाएगा।
कब थमेगा दहेज लोभियों का खौफ?
Motihari एक तरफ जहां पुलिस प्रशासन बेटियों की सुरक्षा के लिए नए-नए सुरक्षा चक्र और हेल्पलाइन जैसी व्यवस्थाएं कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ समाज में फैली दहेज प्रथा जैसी कुप्रथा आज भी कई हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ रही है। रंजिता जैसी बेटियों की मौत यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक दहेज के लालची लोग मासूमों की जिंदगी और भविष्य को लीलते रहेंगे? इस तरह की जघन्य वारदातों पर लगाम लगाने के लिए केवल पुलिसिया कार्रवाई ही नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलने की बेहद जरूरत है।
ये भी पढ़े: मिहिजाम डकैती कांड का बड़ा खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार और एक नाबालिग निरुद्ध, हथियार व जेवरात बरामद

