रिपोर्टर: गनेश सिंह
Delhi : राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां विवेक विहार थाना क्षेत्र के ज्वाला नगर में एक दो मंजिला मकान की छत अचानक ढह गई। इस भीषण हादसे में तीन साल के मासूम समेत दो लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और प्रशासनिक अमला राहत कार्यों में जुटा है।
सुबह के वक्त हुआ हादसा, मलबे से निकाले गए लोग
Delhi फायर सर्विस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मकान गिरने की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे के नीचे से कुल सात लोगों को बाहर निकाला गया, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत डॉ. हेडगेवार अस्पताल और राजीव गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने तीन साल के बच्चे दिव्यांशु और 35 वर्षीय पिंटू को मृत घोषित कर दिया।
किराए पर रह रहे थे पीड़ित परिवार, मकान मालिक की तलाश
Delhi पुलिस जांच में सामने आया है कि यह दो मंजिला जर्जर इमारत सुरेंद्र सिंह नाम के व्यक्ति की है। इस मकान में सभी पीड़ित परिवार किराएदार के रूप में रह रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाला मासूम दिव्यांशु मूल रूप से बिहार के गया जिले का रहने वाला था, जिसके पिता कन्हैया इलाके में सिलाई का काम करते हैं। इस दुखद घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
दिल्ली में लगातार बढ़ रहे इमारत ढहने के मामले
Delhi राजधानी दिल्ली में पुरानी और जर्जर इमारतों के गिरने का सिलसिला लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। पिछले कुछ महीनों में सत्य निकेतन, न्यू सीमापुरी और चावड़ी बाजार जैसे इलाकों में भी बड़ी इमारतें ढलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें कई बेकसूर अपनी जान गंवा चुके हैं। ज्वाला नगर की इस ताजा दुर्घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही और इमारतों की सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़े: कानपुर की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, लगातार हो रहे धमाकों से इलाके में फैली दहशत

