UP BJP Candidate List 2027:उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य में जीत की हैट्रिक लगाने के उद्देश्य से पार्टी ने ‘ए’ कैटेगरी के तहत 209 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम लगभग तय कर लिए हैं। खास बात यह है कि ये सभी नाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहमति के बाद शॉर्टलिस्ट किए गए हैं, जिन्हें अब अंतिम मुहर के लिए लखनऊ से केंद्रीय नेतृत्व के पास दिल्ली भेज दिया गया है।
आधे से अधिक सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर मंथन पूरा
UP BJP Candidate List 2027:सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यूपी की कुल 403 विधानसभा सीटों में से पहले चरण में 209 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इन नामों के दिल्ली पहुंचते ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा इन पर मंथन और अंतिम मुहर लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जैसे ही केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिलेगी, इन प्रत्याशियों को अधिकारिक तौर पर उनके क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों में जुटने के निर्देश दे दिए जाएंगे, ताकि उम्मीदवारों को जनसंपर्क के लिए पर्याप्त समय मिल सके। इस बार बीजेपी उत्तर प्रदेश में ‘300 पार’ का लक्ष्य साधकर मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
सीएम योगी ने 2027 के चुनाव और बयानों पर रखी बेबाक राय
UP BJP Candidate List 2027:इस बीच राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। हाल ही में एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, विशेषकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अब कुछ मुद्दों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया बदलने लगे हैं, क्योंकि उन्हें अपने सियासी समीकरणों में नफा-नुकसान दिखने लगा है।
इसके अलावा, सीएम योगी ने आगामी 2027 के चुनावी समीकरण को स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य के 80 फीसदी मतदाता सुरक्षा, सुशासन और विकास के मुद्दों पर एनडीए के साथ खड़े हैं, जबकि शेष 20 फीसदी विपक्ष में जा सकते हैं। उन्होंने अपने चर्चित नारे ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ को भी पूरी तरह उचित ठहराते हुए कहा कि यह किसी प्रकार का ध्रुवीकरण नहीं, बल्कि इतिहास के कड़वे अनुभवों से सीख लेकर समाज को एकजुट रखने का एक संदेश है, ताकि जाति और क्षेत्र के नाम पर बंटने से होने वाले नुकसान से बचा जा सके।

