रिपोर्टर: विजय गुप्ता
Datia : मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्थित सुप्रसिद्ध रतनगढ़ माता मंदिर पर दीपावली दूज के अवसर पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ‘लख्खी मेले’ को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अपने अंतिम पड़ाव पर हैं। बुधवार को चंबल रेंज के डीआईजी सुनील कुमार जैन, कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े तथा पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से मेला परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। प्रशासनिक अधिकारियों की इस टीम ने मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, सीसीटीवी निगरानी केंद्र और सिंध नदी के तटों का बारीकी से मुआयना किया ताकि दूर-दराज से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
विशाल पार्किंग स्थल और 50 किमी क्षेत्र में रोशनी का व्यापक प्रबंध
Datia मेले के दौरान वाहनों के सुचारू आवागमन को बनाए रखने के लिए 350 एकड़ के विशाल भू-भाग में 22 व्यवस्थित पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुगमता को ध्यान में रखते हुए पूरे 50 किलोमीटर के मेला क्षेत्र में रोशनी के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की सहूलियत के लिए विशेष व्हीलचेयर का प्रबंध रहेगा तथा माता रानी एवं कुंवर बाबा महाराज के सुलभ दर्शन हेतु अलग-अलग विशेष प्रवेश मार्ग निर्मित किए गए हैं।
सिंध नदी के घाटों पर सुरक्षा जाल और जल सेना का पहरा
Datia सिंध नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की जान-माल की रक्षा के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। नदी के तटों पर लगभग 1 किलोमीटर लंबा सुरक्षा जाल (सेफ्टी नेट) लगाया गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए नदी में 4 अत्याधुनिक मोटरबोट और प्रशिक्षित बचाव दल की तैनाती की गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए हर एक किलोमीटर की दूरी पर आपातकालीन एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
3000 पुलिसकर्मियों का कड़ा पहरा और सीसीटीवी से निरंतर निगरानी
Datia मेला क्षेत्र की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जहां से पूरे परिसर पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। व्यवस्थाओं को सुचारू रखने हेतु कुल 2500 प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ-साथ 3000 सशस्त्र पुलिस जवानों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। संपूर्ण मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए हर सेक्टर में वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है।
नो-व्हीकल जोन लागू, ओवरलोड और डबल ट्रॉली वाहनों पर सख्त रोक
Datia यातायात को नियंत्रित करने के लिए 9 नवंबर को दोपहर 12 बजे के बाद से बसई मलिक से आगे के क्षेत्र को पूर्ण रूप से ‘नो-व्हीकल जोन’ घोषित कर दिया गया है। इस दौरान मेले में आने वाले भारी वाहनों, डबल ट्रॉली वाले ट्रैक्टरों और क्षमता से अधिक सवारी ले जाने वाले (ओवरलोड) वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़े: योगी सरकार का ‘वूमेन इकोनॉमिक एंपावरमेंट इंडेक्स 2.0’: 49 संकेतकों पर जिलावार आकलन

